हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: Asian Games 2026election commissionBigg Boss 20

कौन होगा किम जोंग उन का अगला उत्तराधिकारी? दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी ने दिया बड़ा संकेत

दक्षिण कोरिया की NIS के मुताबिक किम जोंग उन की किशोर बेटी किम जू-ए उत्तर कोरिया की अगली नेता बनने की सबसे मजबूत दावेदार हो सकती हैं.

विज्ञापन
किम जोंग उन के उत्तराधिकारी को लेकर चर्चा तेज [Photo-ANI]

उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन के बाद देश की सत्ता किसके हाथ में जाएगी, इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है. दक्षिण कोरिया की राष्ट्रीय खुफिया सेवा (NIS) इस बात की जानकारी जुटा रही है कि किम जोंग उन का कोई बेटा भी है या नहीं. हालांकि, एजेंसी का मौजूदा आकलन है कि किम के बाद सत्ता संभालने की सबसे मजबूत संभावना उनकी किशोर उम्र की संतान की है. दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि अगर किम का कोई बेटा है भी, तो फिलहाल वह उत्तराधिकारी बनने की स्थिति में नहीं दिखता. NIS ने अपने पुराने आकलन को दोहराते हुए कहा कि किम के बाद उत्तर कोरिया की सत्ता संभवत: उनकी करीब 13 साल की बेटी किम जू-ए संभाल सकती हैं.

NIS अब भी जुटा रही है परिवार की जानकारी

NIS का कहना है कि वह यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किम जोंग उन की कोई बड़ी संतान या बड़ा भाई है या नहीं. एजेंसी के मुताबिक, अगर ऐसा कोई बेटा मौजूद भी है, तो मौजूदा परिस्थितियों में उसके उत्तराधिकारी बनने की संभावना मजबूत नहीं है. खुफिया एजेंसी ने यह भी बताया कि किम जोंग उन की एक और संतान है. हालांकि, उसके लिंग यानी वह लड़का है या लड़की, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है.

सार्वजनिक कार्यक्रमों में लगातार दिख रही किम जू-ए

NIS ने अपने बयान में किम जू-ए की राजनीतिक स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी नहीं दी. लेकिन एजेंसी ने उनकी पिछले कुछ वर्षों की सार्वजनिक मौजूदगी और उन्हें दिए जा रहे सरकारी प्रोटोकॉल के आधार पर उनके उत्तराधिकारी बनने की मजबूत संभावना जताई है. पिछले तीन-चार साल में किम जू-ए अपने पिता के साथ कई अहम मौकों पर नजर आई हैं. इनमें मिसाइल परीक्षण और सैन्य परेड जैसे बड़े कार्यक्रम शामिल हैं. उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया ने भी उन्हें किम जोंग उन की सबसे करीबी और खास संतान के तौर पर पेश किया है. सरकारी मीडिया की रिपोर्टों में पिता-बेटी की नजदीकी और किम जू-ए को मिल रहे बढ़ते राजनीतिक महत्व को दिखाने वाली तस्वीरें और वीडियो भी प्रसारित किए गए हैं.

विज्ञापन

महिला नेतृत्व को लेकर विशेषज्ञों को संदेह

हालांकि, किम जू-ए के संभावित उत्तराधिकारी बनने को लेकर कुछ विशेषज्ञ अभी भी सवाल उठाते हैं. उनका मानना है कि उत्तर कोरिया के वरिष्ठ अधिकारी किसी महिला के नेतृत्व को आसानी से स्वीकार करेंगे या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है. कुछ जानकारों का यह भी तर्क है कि अगर किम जू-ए भविष्य में किसी दूसरे परिवार के पुरुष से शादी करती हैं और बाद में सत्ता अपने बच्चे को सौंपती हैं, तो इससे किम परिवार के मौजूदा शासन की निरंतरता पर भी सवाल खड़े हो सकते हैं. किम जोंग उन ने 2011 में अपने पिता किम जोंग इल की मृत्यु के बाद उत्तर कोरिया की सत्ता संभाली थी. अब उनके बाद सत्ता की कमान किसे मिलेगी, इस पर दुनिया की नजर बनी हुई है.

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola