Israel-Hamas War : इजरायल और हमास के बीच युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है। फिलिस्तीन के आतंकी संगठन हमास ने पहले इजरायल पर हजारों बम दागे थे। इस पर इजरायल ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए हमास पर हमला किया। इस हमले में अबतक दोनों देशों के हजारों लोगों की जान चली गई है। इस वक्त स्थिति यह है कि अब इजरायल के लोग डरे हुए हैं और अपनी सुरक्षा खुद कर रहे हैं। लाइव शो में एंकर गन लेकर बैठ रही हैं।
इजरायली लोगों के मन में हमास को लेकर डर बैठ गया है। इस युद्ध के बीच सोशल मीडिया पर तेजी से एक इजरायली एंकर की तस्वीर वायरल हो रही है। इस तस्वीर में एक महिला पत्रकार के पास गन दिखाई दे रहा है। यह एंकर इजरायल के एक न्यूज चैनल में काम करती हैं। तस्वीर के अनुसार, महिला एंकर लिटल शेमेश एक लाइव शो में बैठी है और इस दौरान उनके पास एक हैंडगन भी है।
गाजा पट्टी में घुसी इजरायली सेना
तीन महीने से ज्यादा समय से इजरायल और हमास के बीच जंग चल रही है। अब इजरायल की सेना गाजा पट्टी में घुस गई है, जहां हमास के आतंकी छिपे हुए हैं। इस युद्ध में सबसे ज्यादा आम नागरिक मारे जा रहे हैं। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमास को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया है। इस जंग में भले ही हमास अब कमजोर पड़ रहा है, लेकिन वह घुटने टेकने के लिए तैयार नहीं है।
गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक आंकड़ा जारी कर कहा है कि इजरायल के हमले में अबतक फिलिस्तीन के 22,700 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 58 हजार से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। आरोप है कि इजरायल की सेना गाजा पट्टी में आम नागरिकों के साथ-साथ बच्चों और बूढ़ों को अपना निशाना बना रही है। वहीं, इजरायल का कहना है कि लोगों के बीच छिपकर हमास की ओर से हमला किया जा रहा है।