अमेरिका के यूटा में ISKCON मंदिर पर गोलीबारी को हेट क्राइम मान रहे लोग, भारतीय दूतावास ने जताई नाराजगी

ISKCON News: अमेरिका के यूटा के स्पैनिश फोर्क में बने इस्कॉन मंदिर पर बीते कुछ दिनों में गोलीबारी की घटनाएं देखने को मिली हैं। इससे मंदिर को हजारों डॉलर का नुकसान हुआ है। जिस समय पर मंदिर में हमले हुए उस समय मंदिर में कई भक्त और मेहमान मौजूद थे।

isckon news

इस्कॉन मंदिर में गोली से टूटा कांच

ISKCON News: 1 जुलाई 2025 की रात अमेरिका के यूटा राज्य के स्पैनिश फोर्क में बने प्रसिद्ध ISKCON श्री श्री राधा कृष्ण मंदिर पर एक बार फिर से गोलियां चलाई गईं। इस मंदिर पर पिछले कुछ दिनों में 20 से 30 गोलियां चलाई गई हैं, जिसे लोग नफरत भरे अपराध (हेट क्राइम) का हिस्सा मान रहे हैं। ये हमले रात के वक्त हुए, जब मंदिर में भक्त और मेहमान मौजूद थे। इससे मंदिर की इमारत को नुकसान पहुंचा है। मंदिर के खूबसूरत हस्तनिर्मित मेहराबों में गोली लगने के कारण मंदिर को हजारों डॉलर का नुकसान हुआ है।

ISKCON ने किया ट्वीट

ISKCON ने ट्वीट करके बताया कि ‘हमारा श्री श्री राधा कृष्ण मंदिर, जो होली फेस्टिवल के लिए मशहूर है, हाल के दिनों में नफरत भरे हमलों का शिकार हुआ। 20-30 गोलियां मंदिर और आसपास के इलाके पर चलीं, जिससे भारी नुकसान हुआ।’ ये खबर सुनकर हिंदू समुदाय में गुस्सा और डर का माहौल है।

भारतीय दूतावास ने जताई नाराजगी

इस घटना से नाराज होकर सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने कड़ा बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि ‘हम इस गोलीबारी की घटना की सख्त निंदा करते हैं। हम सभी भक्तों और समुदाय के साथ खड़े हैं और स्थानीय पुलिस से अपील करते हैं कि वे जल्द से जल्द दोषियों को पकड़े।’ दूतावास ने अपने ट्वीट में @IndianEmbassyUS, @MEAIndia और @PIB_India को भी टैग किया है, ताकि भारत सरकार भी इस मुद्दे पर ध्यान दे।

1998 में तैयार हुआ थाा ये मंदिर

ये मंदिर यूटा में हिंदू समुदाय के लिए खास है। इसका निर्माण 1996 में शुरू किया गया था और यह 1998 में बनकर तैयार हुआ। यह मंदिर करीब 15 एकड़ में फैला है। इसकी डिजाइन भारतीय वास्तुकला से प्रेरित है और यह होली जैसे त्योहारों के लिए मशहूर है, जहां हर साल हजारों लोग आते हैं। इसकी खूबसूरती और शांति के लिए इसे पसंद किया जाता है, लेकिन अब इस मंदिर पर हुए हमले ने सबको हैरान कर दिया है।

मरम्मत में आ सकता है बड़ा खर्चा

गोलियों से मंदिर की दीवारें और मेहराब टूट गए हैं, जिसकी मरम्मत में काफी खर्च आएगा। विशेषज्ञों के मुताबिक, इस तरह के नुकसान की मरम्मत में 5,000 से 20,000 डॉलर तक लग सकते हैं, और अगर नुकसान ज्यादा हो तो और भी ज्यादा पैसा खर्च हो सकता है। वहीं, भक्तों में डर है कि कहीं ये हमले फिर न शुरू हो जाएं। कुछ लोग सोशल मीडिया पर इसे खालिस्तानी ग्रुप से जोड़ रहे हैं, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

क्या कहता है समुदाय?

स्थानीय हिंदू समुदाय और ISKCON के लोग इस घटना से बेहद दुखी हैं। वे पुलिस से तेजी से जांच की मांग कर रहे हैं। इसके साथ ही, वे मंदिर की सुरक्षा बढ़ाने और नुकसान की भरपाई के लिए चंदा जुटाने की कोशिश में हैं। लोग एकजुट होकर कह रहे हैं कि वे इस मुश्किल घड़ी में हार नहीं मानेंगे।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ