'युद्ध और शांति दोनों के लिए तैयार है ईरान', विदेश मंत्री ने बताया- क्यों 2000 km पर सेट है मिसाइलों की रेंज?
Author: Varsha Sikri
Feb 25, 2026 11:27 PM IST
ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बड़ा बयान दिया है. आज तक की रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने साफ कहा है कि ईरान युद्ध और शांति दोनों ही हालात के लिए पूरी तरह तैयार है. अराघची का ये बयान ऐसे समय आया है, जब पश्चिम एशिया में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं और अमेरिका की ओर से दबाव बढ़ाया जा रहा है. ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि उनका देश युद्ध नहीं चाहता, लेकिन अगर उस पर हमला किया गया तो वो पूरी ताकत से जवाब देने में सक्षम है. उन्होंने ये भी साफ किया कि ईरान बातचीत के रास्ते को बंद नहीं करना चाहता और शांति के लिए कोशिश जारी रखेगा. अराघची ने कहा कि ईरान ने हमेशा बातचीत को प्राथमिकता दी है, लेकिन दबाव और धमकियों के आगे झुकना ईरान की नीति नहीं है.
ये भी पढ़ें: ‘दुनिया में कहीं भी सुरक्षित नहीं रहेंगे अमेरिकी…,’ खामेनेई ने ट्रंप को दी खुली चुनौती!
ईरान ने क्यों बनाई कम रेंज की मिसाइल?
ईरान के मिसाइल और परमाणु कार्यक्रम को लेकर भी विदेश मंत्री ने अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण है और इसका उद्देश्य केवल ऊर्जा जरूरतों को पूरा करना है. अराघची ने कहा कि ईरान नहीं चाहता कि उनका मिसाइल सिस्टम किसी के लिए खतरा बने, इसीलिए ईरान ने जानबूझकर मिसाइलों की रेंज 2 हजार किलोमीटर से कम रखी है. विदेश मंत्री ने कहा कि ईरान न्यूक्लियर तकनीक के शांतिपूर्ण इस्तेमाल के अपने अधिकार को छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं. वो अमेरिका की चिंताओं पर बात करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
अमेरिका की नीतियों पर उठाए सवाल
अब्बास अराघची ने अमेरिका की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सैन्य धमकियों से किसी समस्या का समाधान नहीं निकल सकता. उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका ये समझता है कि दबाव बनाकर ईरान को अपने फैसले बदलने पर मजबूर किया जा सकता है, तो ये उसकी गलत सोच है. ईरान अपनी सुरक्षा और संप्रभुता से कोई समझौता नहीं करेगा. अराघची ने बताया कि ईरान आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बातचीत के लिए तैयार है और उम्मीद करता है कि बातचीत बराबरी और सम्मान के आधार पर होगी. उन्होंने ये भी कहा कि युद्ध के हालात में नुकसान सभी पक्षों को होगा और किसी की जीत नहीं होगी.
ये भी पढ़ें: ईरान में युद्ध की दस्तक से दहशत, लोगों के फोन पर Wait And See के मैसेज, आखिर क्या करने वाला है अमेरिका?