कतर में अमेरिकी बेस पर ईरान का हमला, दागीं 6 मिसाइलें, ट्रंप ने बुलाई हाईलेवल मीटिंग
Author: News24 हिंदी
Jun 23, 2025 11:16 PM IST
ईरान ने अमेरिकी बेस पर हमला किया है। बताया जा रहा है कि ईरान ने 6 मिसाइलें दागी हैं। यह हमला कतर में मौजूद अमेरिकी एयरबेस पर किया गया है। कहा जा रहा है कि धमाके इतने जोरदार थे कि दोहा तक सुनाई दिए। इजराइल ने दावा किया है कि ईरान ने इराक और कतर पर मिसाइल दागी है।
मध्य पूर्व में सबसे बड़े अमेरिकी बेस पर हमला
रिपोर्ट्स के अनुसार, कतर में अमेरिकी अल उदीद एयर बेस पर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं हैं। इराक में भी अमेरिकी ठिकानों पर हमलों की खबरें सामने आईं हैं। बता दें कि मध्य पूर्व में सबसे बड़ा अमेरिकी एयर बेस कतर में अल उदीद है। इसमें 10,000 से अधिक कर्मचारी हैं और यह सेंटकॉम के अग्रिम मुख्यालय के रूप में कार्य करता है।
ईरान द्वारा किए गए हमले के बाद अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाईलेवल मीटिंग बुलाई है। मीटिंग के बाद यह स्पष्ट ही जाएगा कि क्या अमेरिका अब क्या कदम उठाने वाला है।
बता दें कि अमेरिकी लड़ाकू विमानों द्वारा ईरानी भूमिगत परमाणु स्थलों पर 30,000 पाउंड के बंकर-बस्टर गिराए जाने के बाद ईरान ने अमेरिका के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की धमकी दी थी, इसके बाद से ही हमले की आशंका जताई गई थी। वहीं अमेरिका ने भी हमला करने पर कड़ी कार्रवाई की धमकी दी थी।
कतर के रक्षा मंत्री ने कहा- कोई हताहत नहीं
ईरान के हमले को लेकर कतर के रक्षा मंत्री ने कहा कि उनकी वायु रक्षा प्रणालियों ने अल उदीद एयरबेस पर दागी गई मिसाइलों को नष्ट कर दिया है। बता दें कि यह मध्य पूर्व में सबसे बड़ा अमेरिकी सैन्य ठिकाना है, जो ईरान से खाड़ी के दूसरी तरफ मौजूद है। कतर के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, उन्होंने हमले की निंदा की।
यह भी पढ़ें : ईरान ने अमेरिका के सैन्य अड्डे पर किया हमला, क्या जवाब देंगे ट्रंप?
अमेरिका से पूरा हुआ बदला-ईरान
ईरान ने कहा कि अमेरिका ने जितने बम गिराए थे, हमने उतने मिसाइल गिराए हैं। अब अमेरिका के साथ हमारा हिसाब बराबर हुआ है।