Indonesia Ferry Tragedy: इंडोनेशिया के जावा सागर में खराब मौसम के कारण एक जहाज पलटने के बाद लापता हुए कम से कम 129 लोगों की तलाश जारी है. कम से कम 108 लोगों को बचा लिया गया है, जबकि छह यात्रियों के शव बरामद किए गए हैं. नाव के आखिरी लोकेशन के आसपास सर्च ऑपरेशन का दायरा बढ़ा दिया गया है. अधिकारियों ने बताया कि जहाज पर 240 से अधिक लोग सवार थे और यह जहाज पूर्वी जावा के सुरबाया से बोर्नियो द्वीप स्थित दक्षिण कालीमंतन प्रांत के बंजारमसिन जा रहा था.
समंदर में लहर की चेतावनी मिली थी
बंजारमसिन सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस के चीफ आई पुतु सुदायना ने बताया कि जहाज के कप्तान ने पहले 10 फुट तक ऊंची लहरों के साथ समुद्र में खराब स्थिति की सूचना दी थी. इसके बाद उन्होंने आपात संदेश जारी करते हुए बताया कि पोत एक ओर झुक रहा है. अधिकारियों को बाद में खबर मिली कि शिप पलट गया है.
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
बंजारमसिन की बचाव एजेंसी ने बताया कि शनिवार देर रात करीब 2 बजे ‘विर्गो ट्रांसपोर्ट 8’ से संपर्क टूटने के दो घंटे बाद उसे घटना की सूचना मिली. उन्होंने कहा कि एक बचाव पोत जहाज के आखिरी ज्ञात स्थान की ओर रवाना हो गया था और रविवार दोपहर तक अधिकारी एक दर्जन पोतों की मदद से बचाव दलों को तैनात कर रहे थे. उन्होंने बताया कि इनमें नौसेना के चार पोत शामिल हैं और अभियान में 2 हेलीकॉप्टर भी लगाए गए हैं.
आखिरी लोकेशन क्या था?
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नाव का आखिरी नोन लोकेशन जावा सागर में बंजारमसिन से करीब 148 किलोमीटर दूर था. जहाज की पैसेंजर लिस्ट के मुताबिक, उस पर 213 यात्रियों और चालक दल के 30 सदस्यों समेत 243 लोग सवार थे. हालांकि, इंडोनेशिया में पोत पर सवार पैसेंजर्स की असल संख्या का आधिकारिक लिस्ट में दर्ज संख्या से अलग होना आम बात है. जहाज पर 89 वाहनों का परिवहन भी किया जा रहा था.
6 यात्रियों के शव मिले
सर्च ऑपरेशन को कोऑर्डिनेट कर रहे सुदायाना ने बताया कि आसपास मौजूद ‘टगबोट’ और अन्य पोतों की मदद से तलाश दलों ने रविवार दोपहर तक 108 लोगों को बचा लिया और 6 शव बरामद किए. ‘टगबोट’ ऐसा छोटा लेकिन ताकतवर जहाज होता है, जो बड़े जहाजों को खींचने, धकेलने या उनकी दिशा नियंत्रित करने में मदद करता है.
कब हुआ था जहाज का निर्माण?
‘विर्गो ट्रांसपोर्ट 8’ जहाज का निर्माण 1987 में जापान में किया गया था और यह 119 मीटर (390 फुट) लंबा था. परिवहन मंत्री डुडी पुरवागंधी ने कहा कि हवाई तलाशी में पता चला है कि नौका उलटी होकर पानी में तैर रही थी, पर डूबी नहीं थी. उन्होंने रविवार को मीडिया से कहा कि बचावकर्मी पलटी हुई नौका के आसपास तलाशी अभियान पर फोकस कर रहे थे.
हेलीकॉप्टर से तलाश
राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी द्वारा रविवार को जारी किए गए वीडियो में हेलीकॉप्टर से तलाश अभियान के दौरान उथल-पुथल भरे समुद्र में एक पलटी हुई नौका तैरती हुई दिखाई दी. एक अन्य वीडियो में बचाये गए लोग बंजारमासिन बंदरगाह पर एक बचाव पोत से उतरते हुए दिखे, जबकि घायल लोगों को स्ट्रेचर पर ले जाया गया और बाद में एंबुलेंस से पास के अस्पतालों में पहुंचाया गया.
पैसेंजर्स लिस्ट की तलाश जारी
रविवार को बंजारमसिन के त्रिशक्ति बंदरगाह स्थित नियंत्रण केंद्र पर सैकड़ों परिजन जमा हुए और परिवार के उन सदस्यों के बारे में जानकारी मिलने का इंतजार करते रहे, जिनके नौका पर सवार होने की जानकारी है. अधिकारियों के जीवित बचे लोगों की तलाश जारी रखने के बीच कई परिजन बेचैनी से यात्रियों की लिस्ट और बचाव सूची की जांच करते रहे.
चश्मदीद ने क्या कहा?
बुंगा नाम की एक महिला ने कहा, ‘जब मैंने यात्री सूची में अपने रिश्तेदार का नाम देखा तो मैं हैरान रह गई, लेकिन अधिकारियों ने बताया कि उन्हें बचा लिया गया है, तब मुझे राहत मिली.’ इंडोनेशिया 17,000 से ज्यादा आइलैंड वाला एक द्वीपसमूह देश है, जहां सफर का एक आम साधन नाव ही है. यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं और इसके लिए सुरक्षा नियमों के कमजोर क्रियान्वयन को जिम्मेदार ठहराया जाता है.
संबंधित खबरें
'मेरी पत्नी को मुझे जहर देने के लिए उकसाया', ChatGPT पर शख्स का संगीन आरोप
55 mins ago'पांच महीने में किसी की जान नहीं गई', ईरान के साथ युद्ध से ट्रंप का इनकार
7 hrs agoडोनाल्ड ट्रंप की हत्या के इरादे से आया शख्स व्हाइट हाउस के पास गिरफ्तार
7 hrs agoLIVE: आवास पर हुए हमले को लेकर ममता बनर्जी-अभिषेक बनर्जी का विरोध प्रदर्शन
10 hrs agoअब डोनाल्ड ट्रंप पढ़ेंगे हनुमान चालीसा, व्हाइट हाउस में मनाई गई दिवाली
10 hrs agoकौन हैं व्हाइट हाउस के नए बॉस स्टीफन मिलर? मुस्लिम देशों पर लगा चुके पाबंदी
11 hrs agoपराग्वे के राष्ट्रपति पेना इस्तीफा देते ही गिरफ्तार, कौन बने नए प्रेसिडेंट?
11 hrs agoजापान में 6.1 तीव्रता का भूकंप, हासाकी के पास समुद्र में आया तेज झटका
23 hrs agoगाजियाबाद की सबा हैदर ने अमेरिका में चुनाव जीतकर इतिहास रचा
1 day agoमिडटर्म चुनाव के बाद फिर ट्रंप के टार्गेट पर ईरान, सैन्य हमले की दी चेतावनी
1 day agoन्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
Know More: Editorial Guidelines