तेल और गैस के बाद अब पानी पर संकट! ईरान के इस वार से प्यासे मरेंगे ये खाड़ी देश

ईरान और अमेरिका-इजरायल युद्ध के बीच खाड़ी देशों में पानी का बड़ा संकट पैदा हो गया है. डीसैलिनेशन प्लांट्स पर हमलों के खतरे ने पूरे क्षेत्र को प्यास से पस्त होने की कगार पर खड़ा कर दिया है.

Middle East water crisis

ईरान और अमेरिका-इजरायल की जंग में अब एक ऐसा खतरा पैदा हो गया है जो पूरे मिडिल ईस्ट को प्यासा मार सकता है. खाड़ी के ज्यादातर देश पीने के पानी के लिए पूरी तरह से समुद्री पानी को साफ करने वाले डीसैलिनेशन प्लांट्स पर निर्भर हैं. बहरीन ने दावा किया है कि ईरान ने उसके एक वाटर प्लांट को निशाना बनाया है जिससे हड़कंप मच गया है. कुवैत में 90%, ओमान में 86% और सऊदी अरब में 70% पानी इसी तकनीक से तैयार होता है. अगर युद्ध के दौरान इन प्लांट्स को नुकसान पहुंचता है, तो खाड़ी के करोड़ों लोगों के सामने पीने के पानी का बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा जिसे संभालना नामुमकिन होगा.

विज्ञापन

निशाने पर दुनिया के सबसे बड़े प्लांट

युद्ध शुरू होने के बाद से ही कई महत्वपूर्ण ठिकानों के पास मिसाइल और ड्रोन हमले देखे गए हैं. दुबई के जेबेल अली बंदरगाह पर हुआ हमला दुनिया के सबसे बड़े डीसैलिनेशन प्लांट से महज 12 मील की दूरी पर था. इसी तरह यूएई के फुजैराह और कुवैत के दोहा वेस्ट प्लांट के पास भी नुकसान की खबरें आई हैं. एक्सपर्ट्स का मानना है कि ये वाटर प्लांट अक्सर पावर प्लांट्स से जुड़े होते हैं, जिसका मतलब है कि अगर बिजली ठप हुई तो पानी की सप्लाई भी रुक जाएगी. खाड़ी देशों के लिए यह स्थिति किसी भी तेल संकट से कहीं ज्यादा भयानक साबित हो सकती है.

विज्ञापन

रियाद खाली करने की आ सकती है नौबत

एक पुरानी रिपोर्ट के मुताबिक अगर सऊदी अरब के मुख्य वाटर प्लांट या उसकी पाइपलाइन को गंभीर नुकसान होता है, तो राजधानी रियाद को एक हफ्ते के भीतर खाली कराना पड़ सकता है. हालांकि सऊदी और यूएई ने बैकअप सिस्टम में काफी पैसा लगाया है, लेकिन बहरीन, कतर और कुवैत जैसे छोटे देशों के पास संसाधनों की भारी कमी है. पानी उद्योग के जानकारों का कहना है कि डीसैलिनेशन सिस्टम का कोई भी एक हिस्सा टूटने पर पूरा वॉटर नेटवर्क ठप हो सकता है. ऐसे में अगर पानी के ठिकानों पर जानबूझकर हमले बढ़ते हैं, तो खाड़ी के देश युद्ध में सीधे कूदने के लिए मजबूर हो सकते हैं.

विज्ञापन

ईरान की अपनी चुनौती और तेहरान का हाल

हैरानी की बात यह है कि ईरान खुद पानी के लिए डीसैलिनेशन पर ज्यादा निर्भर नही है क्योंकि वहां नदियों और बांधों का जाल है. लेकिन वहां भी प्रकृति की मार पड़ रही है और लंबे सूखे के कारण तेहरान के जलाशयों का जलस्तर गिर गया है. राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने खुद चेतावनी दी है कि अगर हालात नही सुधरे तो राजधानी तेहरान को खाली करना पड़ सकता है. एक तरफ खाड़ी देश ईरानी हमलों से अपने पानी के ढांचों को बचाने की जद्दोजहद कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ ईरान खुद जल संकट की आग में झुलस रहा है. यह जंग अब सिर्फ जमीन की नही, बल्कि अस्तित्व की लड़ाई बन चुकी है.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Raja Alam

Raja Alam

राजा आलम वर्तमान में News 24 हिंदी (B.A.G. Network) में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता में चार वर्षों के अनुभव के साथ नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर बारीकी से लेखन कर रहे हैं. पत्रकारिता की नींव देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU), अलीगढ़ से रखी, जहां से राजा आलम ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद, हिंदी लेखन में गहराई को और विस्तार दिया जब राजा ने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से हिंदी साहित्य में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की. हर रोज़ कुछ नया सीखना और पाठकों तक सही, निष्पक्ष और भरोसेमंद खबर पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है. राजा के लेखन में आपको पत्रकारिता की गंभीरता के साथ-साथ पाठकों से जुड़ने वाली सरल भाषा और कंटेंट की विविधता दोनों मिलेंगे.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ