फ्लोरिडा विमान हादसे में 20 साल की को-पायलट की मौत, 17 साल की उम्र में मिला था लाइसेंस
फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी में हुए लियरजेट-60 विमान हादसे में 20 साल की को-पायलट नथालिया गाडेल्हा फिल्गुएरास की भी मौत हो गई. बचपन से पायलट बनने का सपना देखने वाली नथालिया ने 17 साल की उम्र में ही प्राइवेट पायलट लाइसेंस हासिल कर लिया था. हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की जान चली गई. NTSB और FAA दुर्घटना की जांच कर रहे हैं.
फ्लोरिडा के लियरजेट-60 विमान हादसे में जान गंवाने वाली 20 वर्षीय को-पायलट नथालिया गाडेल्हा फिल्गुएरास और दुर्घटना के बाद विमान में लगी आग की तस्वीरें. (Image- X/@nypost)
अमेरिका के फ्लोरिडा में रिहायशी इलाके में हुए भीषण विमान हादसे में जान गंवाने वाली को-पायलट की पहचान 20 वर्षीय नथालिया गाडेल्हा फिल्गुएरास के रूप में हुई है. वह बचपन से ही पायलट बनना चाहती थीं और हाईस्कूल में पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्राइवेट पायलट लाइसेंस हासिल कर लिया था. इस हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई. न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, नथालिया के माता-पिता ने उनकी पहचान की है. वह पिछले नौ महीने से कमर्शियल पायलट के तौर पर काम कर रही थीं.
विज्ञापन
नथालिया ऑस्टिन, टेक्सास से बहामास जा रहे लियरजेट-60 विमान में को-पायलट थीं. हादसे से करीब 10 मिनट पहले उन्होंने अपने बॉयफ्रेंड जस्टिन से मैसेज पर बात की थी. उनके सौतेले पिता थियागो कॉर्टेलेटी के मुताबिक, नथालिया को अब तक करीब 1,300 घंटे विमान उड़ाने का अनुभव था. जनवरी में वह 21 साल की होने वाली थीं.
विज्ञापन
बचपन से था पायलट बनने का सपना
नथालिया फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी में पली-बढ़ीं. उन्हें विमान उड़ाने का शौक अपने पिता के साथ छोटे बीचक्राफ्ट बोनांजा विमान में सफर करने के दौरान लगा. उनके पिता ने 2018 में शौक के तौर पर विमान उड़ाना सीखा था. इसके बाद नथालिया ने भी पायलट बनने का फैसला किया. उन्होंने 2020 में फ्लाइंग की ट्रेनिंग शुरू की और अक्टूबर 2023 में 17 साल की उम्र में प्राइवेट पायलट लाइसेंस हासिल कर लिया. उस समय वह वेस्ट बोका रैटन हाईस्कूल में छात्रा थीं और उनके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था. उनका सपना कमर्शियल एयरलाइन पायलट बनने का था. वह आगे चलकर अमेरिकन एयरलाइंस में काम करना चाहती थीं, लेकिन उम्र कम होने की वजह से अभी अप्लाई नहीं कर सकती थीं. उन्होंने टेक्सास के एडिसन स्थित अमेरिकन फ्लायर्स फ्लाइट स्कूल से ट्रेनिंग पूरी की थी. इसके बाद फोर्ट लॉडरडेल के फ्लाइट स्कूल में इंस्ट्रक्टर के तौर पर काम किया और फिर दूसरी फ्लाइंग जॉब शुरू की.
नासा प्रमुख ने को-पायलट का किया बचाव
नथालिया की मां कैमिला ने मीडिया से कहा कि उन्हें बेटी के सपने पर गर्व था, लेकिन हमेशा डर रहता था कि एक दिन विमान ही उसे उनसे दूर कर देगा. उन्होंने बताया कि जब नथालिया ने पहली बार पायलट बनने की इच्छा जताई थी, तो उन्होंने इसका समर्थन नहीं किया, लेकिन सौतेले पिता ने उसका सपोर्ट किया.
विज्ञापन
इस बीच, नासा के एडमिनिस्ट्रेटर जेरेड आइजैकमैन ने एक्स पर लिखा कि नथालिया को-पायलट के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रही थीं और आखिरी समय तक एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर रही थीं. आइजैकमैन के पास 20 साल से अधिक का उड़ान अनुभव और 8,000 से ज्यादा फ्लाइंग घंटे हैं. उन्होंने कहा कि हादसे की वजह जाने बिना मिसाइल हमले और पायलट के अनुभव को लेकर आरोप लगाना गलत है. विमान के रखरखाव, तकनीकी खराबी, टर्बुलेंस, तेज रफ्तार और पायलट के कंट्रोल से जुड़ी जांच जरूरी है. उन्होंने बताया कि चार्टर कंपनियां शुरुआती करियर वाले कमर्शियल पायलटों को अनुभवी ATP कप्तानों के साथ काम करने का मौका देती हैं. ऐसे पायलटों को FAA से जरूरी ट्रेनिंग और जांच भी पास करनी होती है.
Writing this in my personal capacity, but I have been flying these types of aircraft for more than 20 years, with over 8,000 hours, and have reasonable familiarity with how the charter world operates. I feel compelled to post after seeing commentary about the Lear 60 crash, from…
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, लियरजेट-60 ने टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और बहामास के नॉर्थ एलीउथेरा एयरपोर्ट जा रहा था. रविवार दोपहर स्थानीय समय के अनुसार यह विमान पाम बीच काउंटी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. मियामी एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग में पायलटों को विमान में बर्फ जमने और टर्बुलेंस की जानकारी देते सुना गया. उन्होंने बेहतर मौसम की स्थिति की मांग भी की. इसके बाद हालात तेजी से बिगड़े. विमान से मेडे (Mayday) इमरजेंसी कॉल दी गई और बताया गया कि विमान करीब 10,000 फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे जा रहा है. कुछ ही देर में यह रफ्तार 20,000 और फिर 22,000 फीट प्रति मिनट तक पहुंच गई. रिकॉर्डिंग में एक आवाज कहती सुनाई दी, ‘हम जमीन से टकराने वाले हैं.’ शुरुआती मेडे कॉल के करीब 35 सेकंड बाद कॉकपिट से आखिरी आवाज आई, ‘हमारे पास अब समय नहीं है.’ फ्लाइटरडार24 के मुताबिक, विमान के नीचे गिरने की रफ्तार एक समय 32,000 फीट प्रति मिनट से भी ज्यादा हो गई थी.
विज्ञापन
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विमान सड़क के पास जमीन से टकराने के बाद आग में बदलता दिखाई दिया. फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने इसे बड़ी त्रासदी बताया. हादसे में मोबाइल होम पार्क के एंट्री गेट के पास बड़ा गड्ढा बन गया. पाम बीच काउंटी के कमिश्नर जोएल फ्लोरेस के मुताबिक, आसपास के करीब 600 लोगों को निकालकर दो राहत केंद्रों में पहुंचाया गया. हादसे के समय इलाके में भारी बारिश और गरज के साथ तूफान था. हालांकि, दुर्घटना की असली वजह अभी सामने नहीं आई है. नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने जांच शुरू कर दी है और FAA भी इसमें शामिल है. परिवहन मंत्री सीन डफी ने इसे बेहद दुखद हादसा बताया. विमान बनाने वाली कनाडाई कंपनी बॉम्बार्डियर ने जांच में अधिकारियों का सहयोग करने की बात कही है. विमान में सवार बाकी आठ लोगों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है.