यूरोप में बम की धमकियों से हड़कंप, कई विमानों का बदला गया रास्ता

यूरोप में कई उड़ानों को बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया. फिनएयर और रयानएयर समेत कई विमानों का रास्ता बदला गया. सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं.

Untitled design (60)

यूरोप में बम की धमकियों के बाद कई विमानों को दूसरे एयरपोर्ट पर उतारा गया (Photo- AI Generated)

यूरोप में गुरुवार को कई विमानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली. इसके बाद कई उड़ानों का रास्ता बदलना पड़ा. कुछ विमानों को दूसरे एयरपोर्ट पर उतारा गया, जबकि कुछ की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. अधिकारियों के मुताबिक, सभी विमानों में यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं. जांच के दौरान अब तक कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली है. फिनलैंड की एयरलाइन फिनएयर की हेलसिंकी से रोम जा रही फ्लाइट को भी बम की धमकी मिली. विमान रोम में सामान्य तरीके से उतरा. जांच में उसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला.

विज्ञापन

बुल्गारिया की तीन उड़ानों को मिली धमकी

बुल्गारिया की राजधानी सोफिया जा रही रयानएयर की तीन उड़ानों को भी बम की धमकी मिली. इनमें से दो विमान डेनमार्क के कोपेनहेगन और स्पेन के मैड्रिड से आ रहे थे. दोनों सुरक्षित सोफिया एयरपोर्ट पर उतरे. वहीं, लंदन के स्टैनस्टेड एयरपोर्ट से सोफिया जा रही तीसरी फ्लाइट का रास्ता बदल दिया गया. उसे बुल्गारिया के प्लोवदिव एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया.

विज्ञापन

फ्रांस में सैन्य एयरपोर्ट पर उतारा गया विमान

आयरलैंड से इटली जा रही एक फ्लाइट को भी बम की धमकी मिली. इसके बाद विमान को पश्चिमी फ्रांस के एव्रू स्थित सैन्य एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया. फ्रांस के प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, विमान में 151 यात्री और चालक दल के 6 सदस्य सवार थे. सभी सुरक्षित हैं. सैन्य बम निरोधक टीम विमान की जांच कर रही है.

इस सप्ताह कई उड़ानों को मिलीं झूठी धमकियां

अधिकारियों के मुताबिक, इस सप्ताह यूरोप में कई दूसरी उड़ानों को भी बम की झूठी धमकियां मिली हैं. इनमें पोलिश एयरलाइन LOT, स्कैंडिनेवियन एयरलाइन, विज एयर और रयानएयर की उड़ानें शामिल हैं. इन धमकियों के कारण विमानों की तलाशी ली गई और कई के रास्ते बदले गए. एक मामले में इटली की वायुसेना ने विमान को सुरक्षित उतरने तक सुरक्षा भी दी. इससे एक दिन पहले बुल्गारिया जा रहे एक विमान को भी हवा में बम की धमकी मिली थी. इसके बाद उसे हंगरी की ओर मोड़ दिया गया था. इन सभी घटनाओं में किसी के घायल होने की खबर नहीं है. अधिकारियों का कहना है कि वे हालात पर नजर रख रहे हैं.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ