Emmanuel Macron Syria Visit: सीरिया की राजधानी दमिश्क से एक बेहद चौंकाने वाली और बड़ी खबर सामने आ रही है. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की सीरिया यात्रा के दौरान मंगलवार को यहां एक के बाद एक कई जोरदार बम धमाके हुए हैं. बताया जा रहा है कि यह विस्फोट राष्ट्रपति मैक्रों की सुरक्षा में एक बहुत बड़ी चूक है, क्योंकि ये धमाके ठीक उसी 'फोर सीजन्स होटल' के बाहर हुए हैं जहां फ्रांसीसी राष्ट्रपति ठहरे हुए हैं. चरमपंथियों ने इस हमले को अंजाम देकर पूरे इलाके को दहला दिया है.
---खबर नीचे जारी है---
मुलाकात के लिए निकलते ही हुआ ब्लास्ट
मीडिया रिपोर्ट्स और सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा के खास निमंत्रण पर दमिश्क के दौरे पर आए हुए हैं. अल अरबिया और रॉयटर्स के अनुसार, यह धमाका ठीक उसी वक्त हुआ जब राष्ट्रपति मैक्रों सुबह अपने होटल से बाहर निकलकर सीरियाई राष्ट्रपति अल-शरा से मुलाकात करने के लिए राष्ट्रपति भवन जा रहे थे. जैसे ही उनका काफिला आगे बढ़ा, मध्य दमिश्क का यह इलाका जोरदार धमाकों की आवाज से गूंज उठा. धमाके इतने भीषण थे कि घटनास्थल से धुएं का बड़ा गुबार उठता देखा गया. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सड़क पर एक गाड़ी जलती हुई दिख रही है और चारों तरफ खून के धब्बे नजर आ रहे हैं.
---खबर नीचे जारी है---
सुरक्षा बलों ने पूरे दमिश्क को घेरा, जांच शुरू
राहत की बात यह है कि इस घटना में राष्ट्रपति मैक्रों पूरी तरह सुरक्षित हैं. फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय (एलिसी) ने पुष्टि की है कि राष्ट्रपति मैक्रों अपनी बैठक के लिए पहले ही होटल से सुरक्षित निकल चुके थे. इस हमले में फिलहाल कितने लोग हताहत हुए हैं, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है. धमाके के बाद सीरियाई सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट पर आ गई हैं और पूरे दमिश्क की घेराबंदी कर दी गई है. आने-जाने वाले सभी रास्तों को बंद करके सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. फिलहाल किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है.
---खबर नीचे जारी है---
यूरोपीय संघ के पहले नेता हैं मैक्रों
आपको बता दें कि साल 2024 में बशर अल-असद के शासन के पतन के बाद सीरिया का दौरा करने वाले इमैनुएल मैक्रों यूरोपीय संघ के पहले बड़े नेता हैं. वे सोमवार को ही एक बड़े फ्रांसीसी कारोबारी प्रतिनिधिमंडल के साथ दमिश्क पहुंचे थे. कुछ दिन पहले भी दमिश्क के 'जस्टिस पैलेस' के पास एक कैफे में ब्लास्ट हुआ था जिसमें 10 लोगों की जान गई थी. इस ताजा हमले के बाद सीरिया की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. इस दौरे के बाद मैक्रों को नाटो शिखर सम्मेलन के लिए तुर्की रवाना होना है.
---खबर नीचे जारी है---