---विज्ञापन---

दुनिया angle-right

भारत से E20 पेट्रोल नहीं खरीदेगा यह पड़ोसी देश, वाहन मालिकों का दावा-खराब हो रहे इंजन

E20 Petrol Dispute: भारत में E20 पेट्रोल (20% इथेनॉल मिक्स) को लेकर वाहन मालिकों की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं. इस बीच पड़ोसी देश भूटान ने भारत से मिलने वाले इस पेट्रोल को स्वीकार करने से साफ मना कर दिया है. जानिए भूटान की क्या चिंताएं हैं और इससे आपकी गाड़ी पर क्या असर पड़ता है.

---विज्ञापन---

Bhutan Refuses India E20 Fuel : भारत में इन दिनों 20 फीसदी इथेनॉल मिले पेट्रोल यानी ‘E20 फ्यूल’ को लेकर सोशल मीडिया से लेकर कार बाज़ारों तक बड़ी बहस छिड़ी हुई है. कई वाहन मालिकों का दावा है कि इस फ्यूल से गाड़ियों के इंजन पार्ट्स खराब हो रहे हैं और माइलेज भी कम हो रहा है. इस विवाद के बीच, भारत के पड़ोसी देश भूटान ने एक बड़ा कदम उठाते हुए भारतीय तेल कंपनियों से E20 पेट्रोल लेने से फिलहाल इनकार कर दिया है.

भूटान ने क्यों कहा ‘नो’?

भूटान को मुख्य रूप से पेट्रोल-डीजल की सप्लाई भारत की सरकारी तेल कंपनियां जैसे IOCL, BPCL और HPCL ही करती हैं. जब भारतीय कंपनियों ने भूटान को E20 पेट्रोल देने की पेशकश की, तो वहां के व्यापार विभाग (Department of Trade) ने तकनीकी चिंताओं का हवाला देते हुए इसे स्वीकार नहीं किया.
भूटान के अधिकारियों के मुताबिक, इथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल में ‘हाइड्रॉक्सिल ग्रुप’ होता है, जो हवा और आसपास की नमी (पानी) को बहुत तेजी से सोख लेता है. अगर पेट्रोल में एक बार पानी मिल जाए, तो उसे अलग करना नामुमकिन हो जाता है. इससे गाड़ी की परफॉर्मेंस और इंजन पर बहुत बुरा असर पड़ता है.

---विज्ञापन---

अंडरग्राउंड टैंक भी बड़ी मुसीबत

भूटान ने एक और व्यावहारिक दिक्कत सामने रखी है. उनके मुताबिक, वहां के पेट्रोल पंपों पर लगे अंडरग्राउंड स्टोरेज टैंक काफी पुराने हैं. अगर इनमें E20 पेट्रोल रखा गया, तो नमी और सीपेज (पानी का रिसाव) के कारण फ्यूल की क्वालिटी खराब हो जाएगी, जिससे मिलावट का खतरा भी बढ़ जाएगा.

भूटान ने भारत से क्या मांगा?

भूटान के व्यापार विभाग ने भारतीय तेल कंपनियों से अनुरोध किया है कि जब तक भारतीय बाजार में सामान्य पेट्रोल (बिना इथेनॉल वाला) उपलब्ध है, तब तक भूटान को वही सप्लाई किया जाए. भूटान ने कहा है कि अगर भविष्य में भारत पूरी तरह से इथेनॉल पेट्रोल पर ही शिफ्ट होता है, तो उन्हें काफी पहले इसकी सूचना दी जाए. इससे वहां के डीलरों को अपने पेट्रोल टैंकों को लीक-प्रूफ और सीपेज-फ्री बनाने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा.

---विज्ञापन---

दूसरी ओर, भारत में सरकार के आदेश के बाद IOCL, HPCL और Jio-bp जैसी कंपनियां अब सामान्य पेट्रोल की जगह केवल E20 ही बेच रही हैं, जिसके चलते भारतीय उपभोक्ताओं के पास दूसरा कोई विकल्प नहीं बचा है.

First published on: Jul 04, 2026 09:01 AM

End of Article

About the Author

Vijay Jain

विजय जैन भारतीय मीडिया जगत का एक विश्वसनीय और प्रतिष्ठित नाम हैं. वर्तमान में न्यूज 24 में सीनियर न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत विजय को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में 23 से अधिक वर्षों का लंबा और समृद्ध अनुभव है. राजनीति, चुनाव, बिजनेस, क्राइम और करंट अफेयर्स जैसी हर प्रमुख बीट पर मजबूत पकड़ रखने वाले विजय अपनी निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं. पत्रकारिता में उनके अद्वितीय योगदान और नैतिक मूल्यों को बनाए रखने के लिए उन्हें साल 2018 में प्रतिष्ठित 'नेशनल श्रीफल अवार्ड' से सम्मानित किया गया था. डिजिटल दौर में वे ट्रेडिशनल जर्नलिज्म के अनुभवों को न्यू-एज मीडिया और SEO स्ट्रेटेजी के साथ जोड़कर खबरों को नया आयाम दे रहे हैं.

Read More
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola