Flydubai flight: दुबई से तेल अवीव जा रही ‘फ्लाईदुबई’ की एक फ्लाइट ने सऊदी अरब के ऊपर इमरजेंसी सिग्नल भेजा और अपना रास्ता बदल लिया, जिससे इजरायल में सिक्योरिटी रिस्पॉन्स ट्रिगर हो गया. इजरायली मीडिया के हवाले से फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा से पता चला है कि फ्लाइट FZ1073 दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से तेल अवीव के पास बेन गुरियन एयरपोर्ट जा रही थी, तभी उसने इंटरनेशनल इमरजेंसी कोड 7700 भेजा. ये हाईजैकिंग के लिए इंटरनेशनल लेवल पर रिकॉग्नाइज्ड कोड है, लेकिन ‘टाइम्स ऑफ इजरायल’ ने एक अपडेट में कहा कि हाईजैकिंग की कोशिश की बात को खारिज कर दिया गया है.
सऊदी में इमरजेंसी लैंडिंग
हालांकि बाद ये इस फ्लाइट की सऊदी अरब में इमरेंसी लैंडिग कर दी गई. खबर में दावा किया गया है कि कॉकपिट में पायलटों के बीच तीखी बहस के दौरान प्लेन में इमरजेंसी सिग्नल एक्टिवेट हुआ था, लेकिन रास्ता बदलने और इमरजेंसी सिग्नल भेजने की आधिकारिक वजह का अभी पता नहीं चल पाया है. प्लेन में लगभग 180 इजरायली यात्री सवार थे. अलर्ट मिलने के बाद इजरायली वायु सेना के फाइटर जेट्स को भेजा गया.
पायलटों के बीच झगड़े की खबर
बाद में सुरक्षा अधिकारियों का हवाला देते हुए ‘द जेरूसलम पोस्ट’ ने खबर दी कि दो पायलटों के बीच ‘हिंसक’ झगड़े के बाद प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. रिपोर्ट के मुताबिक प्लेन में सवार सभी लोग सुरक्षित थे. घटना की जानकारी रखने वाले एक क्षेत्रीय अधिकारी ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि कॉकपिट में झगड़ा हुआ था और जाहिर तौर पर इसमें पायलट शामिल थे. अधिकारी ने कहा कि झगड़े की वजह तुरंत साफ नहीं हो पाई.
फ्लाई दुबई का इतिहास
फ्लाईदुबई दुबई की एक एयरलाइन है जिसने जून 2009 में अपना ऑफरेशन शुरू किया था. इसे दुबई से हवाई कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए शुरू किया गया था, खासकर उन डेटिनेशंस के लिए जिनका पहले इस सिटी के साथ बहुत कम या कोई डायरेक्ट कनेक्टिविटी नहीं थी. आज ये एयरलाइन कंपनी 56 देशों में 125 से ज्यादा डेस्टिनेशंस के लिए अपनी सेवाएं देती है. इसमें मिडिल ईस्ट, अफ्रीका, सेंट्रल एशिया, यूरोप और भारतीय उपमहाद्वीप जैसे इलाके शामिल हैं. ये एयरलाइन हर हफ्ते औसतन लगभग 2,200 उड़ानें भरती है.
इसके फ्लीट में अभी 98 बोइंग 737 विमान हैं, जिनमें बोइंग 737-800, 737 MAX 8 और 737 MAX 9 मॉडल शामिल हैं. फ्लाईदुबई ने 2009 से अब तक 137 मिलियन से ज्यादा पैसेंजर्स को सफर कराया है. इसकी एमिरेट्स कंपनी के साथ कोडशेयर पार्टनरशिप भी है, जिससे मुसाफिर दुबई के जरिए दोनों एयरलाइंस के मिले-जुले नेटवर्क पर मौजूद जगहों तक ट्रैवल कर सकते हैं.