अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और वहां के मीडिया संस्थानों के बीच जारी तकरार के बीच व्हाइट हाउस ने अपना खुद का 24 घंटे चलने वाला ऑफिशियल यूट्यूब चैनल ‘ट्रंप टीवी’ लॉन्च कर दिया है. इस प्लेटफॉर्म पर अमेरिकी राष्ट्रपति के पुराने भाषण, ऐतिहासिक पल, सरकारी ऐलान और ट्रंप प्रशासन से जुड़े तमाम आधिकारिक अपडेट्स 24 घंटे लाइव स्ट्रीम किए जाएंगे.
व्हाइट हाउस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स हैंडल ने इस लॉन्च का ऐलान किया है. इस ऐलान के साथ व्हाइट हाउस ने कहा है कि ‘यह लाइव है. ट्रंप टीवी अब स्ट्रीम हो रहा है. 24/7, रियल टाइम अपडेट, जिसमें ऐतिहासिक पल, ऐलान और प्रशासन से जुड़ी हर बड़ी बात एक ही जगह मिलेगी. हर बड़ा पल आपके टीवी तक नहीं पहुंच पाता था, लेकिन अब पहुंचेगा.’
लॉन्च के दौरान चैनल पर ट्रंप के सार्वजनिक संबोधनों और संयुक्त राज्य अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में उनके शपथ ग्रहण समारोह के फुटेज प्रसारित किए गए.
मीडिया से क्यों नाराज हुए ट्रंप
यह प्लेटफॉर्म ऐसे समय में शुरू किया गया है जब ट्रंप प्रशासन और अमेरिका के बड़े मीडिया संगठनों के बीच व्हाइट हाउस प्रेस एक्सेस को लेकर कानूनी लड़ाई चल रही है. व्हाइट हाउस ने सीएनएन, पोलिटिको और एमएस नाउ के पत्रकारों के प्रेस पास और ब्रीफिंग रूम में जाने पर रोक लगा दी है. इसके बाद इन तीनों मीडिया घरानों ने इस फैसले को असंवैधानिक बताते हुए फेडरल कोर्ट में मुकदमा दायर कर दिया. इनका कहना है कि सरकार यह तय नहीं कर सकती कि किन पत्रकारों को व्हाइट हाउस में जाने की मंजूरी मिलेगी.
ट्रंप का पलटवार
सोमवार को न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने अपने फैसले का जोरदार बचाव किया. मीडिया की ओर से बॉयकॉट किए जाने की अटकलों को खारिज करते हुए ट्रंप ने तंज कसते हुए कहा कि ‘उन्होंने कहा था कि वे मेरा बॉयकॉट करेंगे, लेकिन वे कभी ऐसा नहीं करते. मुझे इसकी जरा भी फिक्र नहीं थी. देखिए, यहां कितनी मीडिया मौजूद है.’
साथ ही ट्रंप ने कहा कि हर मीडिया घराने को निष्पक्ष रहना चाहिए, अगर वे फेक न्यूज फैलाएंगे तो मैं उन्हें व्हाइट हाउस में घुसने नहीं दूंगा.