Czech Republic mass shooting at Prague university: चेक गणराज्य की राजधानी प्राग से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां पर राजधानी में अज्ञात व्यक्ति ने सामूहिक गोलीबारी में 15 लोगों की हत्या कर दी है। वहीं, 30 लोग इस गोलीबारी में घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, प्राग के डाउनटाउन में चार्ल्स विश्वविद्यालय के फिलोसिफिकल फैकल्टी में यह सामूहिक गोलीबारी की गई है। गोलीबारी करने वाला शख्स भी मारा गया है। अज्ञात शख्स ने गोलीबारी क्यों की, इस बात की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। घटनास्थल पर भारी मात्रा में पुलिस और सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
प्रधानमंत्री ने रद्द किए अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम
पुलिस के अनुसार, गोलीबारी की घटना के बाद चार्ल्स विश्वविद्यालय में डर के मारे लोग छिप गए थे। जिन्हें पुलिस सुरक्षित बाहर निकाल रही है। साथ ही लोगों से घरों के अंदर रहने का अनुरोध किया गया है और आसपास के इलाकों में जाने से मना कर दिया गया।
पुलिस ने पास के इलाकों को सील कर दिया है और वारदात की जांच-पड़ताल की जा रही है। वहीं, चेक गणराज्य के प्रधानमंत्री पेट्र फियाला ने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है और मामले का जायजा लेने के लिए प्राग रवाना हो गए हैं।
वहीं, चेक गणराज्य के मंत्री विट राकुसन एक्स पर प्राग में हुई सामूहिक गोलीबारी में हुई घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मैं इस घटना से स्तब्ध हूं। इस हत्याकांड में मारे गए लोगों के परिवारों और रिश्तेदारों के प्रति गहरा खेद प्रकट करता हूं।
विट राकुसन ने मीडिया में भी गोलीबारी की घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा- अभी मैं मरने वालों की अंतिम संख्या के बारे में अनुमान नहीं लगाऊंगा। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री पेट्र फियाला के बारे में बताया कि उन्होंने अपने सभी पूर्व कार्यक्रम को रद्द कर दिया और प्राग के लिए रवाना हो गए हैं। विट राकुसन ने कहा कि चेक गणराज्य में इस तरह के अपराध बहुत कम होते हैं।