China coal mine blast: उत्तरी चीन के शांक्सी प्रांत से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आ रही है. यहाँ के पिंगयाओ काउंटी में स्थित एक कोयला खदान में सोमवार दोपहर अचानक भीषण गैस ब्लास्ट (गैस विस्फोट) हो गया. इस अचानक हुए धमाके की चपेट में आने से कम से कम 15 खनिकों (मजदूरों) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

---विज्ञापन---

स्थानीय प्रशासन और कोयला खदान सुरक्षा ब्यूरो से मिली जानकारी के मुताबिक, जिस वक्त यह भीषण धमाका हुआ, उस समय जमीन के नीचे खदान के भीतर कुल 35 मजदूर काम कर रहे थे. धमाका इतना जबरदस्त था कि अंदर काम कर रहे मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. हालांकि, इस बीच 11 मजदूर किसी तरह अपनी जान बचाकर सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे.

---विज्ञापन---

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में भारी संख्या में बचाव दल (रेस्क्यू टीम) को मौके पर भेजा गया. खदान के भीतर फंसे लोगों को निकालने के लिए तुरंत युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. अधिकारियों ने बताया कि अब खदान के भीतर से सभी प्रभावितों को बाहर निकाल लिया गया है और रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी तरह समाप्त हो चुका है.

---विज्ञापन---

इस हादसे में जो 9 मजदूर घायल हुए हैं, उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है. प्रशासन ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख जताया है. खदान में यह गैस विस्फोट किस वजह से हुआ, इसके सटीक कारणों का पता लगाने के लिए स्थानीय अधिकारियों ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं.

---विज्ञापन---