Sudan Clash: सूडान संघर्ष में अब तक 413 लोगों की मौत, संयुक्त राष्ट्र बोला- जंग की बड़ी कीमत चुका रहे बच्चे
Edited By Om Pratap

Edited By Om Pratap

Sudan Clash: विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने कहा है कि सूडान संघर्ष में अब तक 413 लोगों की मौत हो गई है, जबकि हजारों की संख्या में लोग प्रभावित भी हुए हैं। उधर, संयुक्त राष्ट्र की बच्चों की एजेंसी ने कहा कि बच्चे बड़ी कीमत चुका रहे हैं। तुर्की की न्यूज एजेंसी अनादोलु के मुताबिक, संघर्ष में अब तक 9 बच्चों की मौत हो चुकी है जबकि 50 से ज्यादा घायल हैं।
WHO की प्रवक्ता मार्गरेट हैरिस ने संयुक्त राष्ट्र की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सूडान में सरकार के आंकड़ों के मुताबिक संघर्ष में 413 लोगों की मौत हुई है और 3,551 लोग घायल हुए हैं। लड़ाई देश की सेना और अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्स (RSF) के बीच चल रही झड़पों का हिस्सा है।
हैरिस ने कहा, “सूडान में स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार काम करना बंद करने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की संख्या 20 है, जबकि 12 ऐसे अस्पताल और हैं जो कभी भी बंद किए जा सकते हैं। हैरिस ने कहा कि सूडान में भारी संख्या में घायल लोगों को चिकित्सा की जरूरत है।
वहीं, यूनिसेफ के प्रवक्ता जेम्स एल्डर ने कहा, “हमेशा की तरह लड़ाई बच्चों पर विनाशकारी प्रभाव डालती है। अब हमारे पास कम से कम नौ बच्चों के मारे जाने और कम से कम 50 के घायल होने की खबर है। जब तक लड़ाई जारी रहेगी, यह संख्या बढ़ती रहेगी।” एल्डर ने कहा कि बड़ी संख्या में लोग फंसे हुए हैं। वे भोजन, पानी और दवाओं के लिए बाहर निकलने से डरते हैं। एल्डर ने कहा कि सूडान में पहले से ही बच्चों में दुनिया की सबसे अधिक कुपोषण दर है।
ये भी पढ़ेंः दुनिया से जुड़ी अन्य बड़ी ख़बरें यहाँ पढ़ें
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: