फ्रांस और स्पेन के जंगल 15 दिन से आग में धधक रहे हैं, इससे दोनों देशों के 3 करोड़ से ज्यादा लोगों की जिंदगी पर खतरा मंडरा गया है. सरकारों को जंगल के आस-पास के इलाके खाली कराने पड़े हैं. वहीं जंगल की आग से न सिर्फ आम लोग के घरों का नुकसान हुआ, बल्कि कई लाख हेक्टेयर वन संपदा भी जलकर राख हो गई है. हजारों पशु-पक्षी मारे गए हैं, लेकिन आग है कि बुझने का नाम नहीं ले रही. बहुत तेज गर्मी और सूखे की वजह से आग फैलती ही जा रही है और तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है, जिससे इन देशों में गर्मी और बढ़ जाएगी.
अग्निकांड के लिए जलवायु परिवर्तन जिम्मेदार
विशेषज्ञ चेतावनी दे रहे हैं कि जलवायु परिवर्तन दक्षिणी यूरोप में इस तरह की आग की घटनाओं की तीव्रता बढ़ा रहा है. विकराल अग्निकांड से बचाने के लिए फ्रांस और स्पेन में करीब 3.30 करोड़ लोगों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया जा चुका है. इनमें फ्रांस से 2200000 और स्पेन से 1100000 से ज्यादा लोग शामिल हैं. वहीं स्पेन में 1 लाख हेक्टेयर से ज्यादा वन संपदा जलकर राख हो चुकी है. फ्रांस के गिरोंदे इलाके में 42000 हेक्टेयर वन संपदा जल गई है और करीब 250 घर नष्ट हो गए हैं. आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मी रात-दिन काम कर रहे हैं.
फ्रांस में दिखे फायर क्लाउड क्या, कैसे बनते?
फ्रांस के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में जंगलों में लगी आग के बीच पहली बार आसमान में फायर क्लाउड दिख रहे हैं, जो खतरनाक साबित हो सकते हैं. फायर क्लाउड को साइंटिफिक लैंग्वेज में पाइरोक्यूम्यूलोनिम्बस या पायरोसीबी कहते हैं. फायर क्लाउड एक प्रकार के बहुत ऊंचे बादल होते हैं, जो बहुत तेज गर्मी में जंगल की आग के ऊपर बनते हैं. यह बादल आग को ढकने के अलावा उसे फैलाकर और खतरनाक बनाते हैं. आग से निकलने वाली गर्म हवा, धुआं, राख, जलवाष्प मिलकर फायर क्लाउड बनाते हैं. इनकी ऊंचाई बहुत ज्यादा और आकार कई किलोमीटर एरिय में फैल सकता है. दूर से मशरूम जैसे दिखते हैं.
लोगों पर फायर क्लाउड का क्या असर होगा?
फायर क्लाउड से पहला खतरा तेजी से फैलती आग का है, जो कभी भी कहीं से भी अपनी दिशा बदल सकती है. इससे आग प्रभावित इलाके से लोगों का निकालना मुश्किल होगा. सड़कों को भी जल्दी बंद करना पड़ सकता है. दूसरा खतरा आग के धुएं का है, जिसके कण फेफड़ों को नुकसान पहुंचा सकते हैं. अस्थमा, दिल की बीमारी, बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए यह धुआं जानलेवा साबित हो सकता है. आंखों में जलन, खांसी, सांस फूलना और सिरदर्द की समस्या हो सकती है. तीसरा खतरा खेती और अर्थव्यवस्था को है. आग से जंगल, खेत, घर, बिजली की लाइनें और सड़कें बाधित हो सकती हैं.
फायर क्लाउड से पर्यावरण को होगा नुकसान
फायर क्लाउड से फैलती आग पेड़-पौधों और वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाएगी है. जानवर अपने घर छोड़ भागने को मजबूर होंगे. आग से जमीन की ऊपरी परत कमजोर होती है. पेड़-घास मिट्टी को पकड़कर रखते हैं, लेकिन उनके जलने से बारिश के दौरान मिट्टी का कटाव बढ़ सकता है. राख और मिट्टी नदियों-तालाबों तक पहुंच सकती है. कार्बन-डाइ-ऑक्साइड और अन्य गैसें निकलती हैं. इससे जलवायु परिवर्तन और गंभीर हो सकती है. हालांकि जंगल की आग या फायर क्लाउड को सीधे जलवायु परिवर्तन का परिणाम नहीं. लेकिन वैज्ञानिकों का मानना है कि अधिक गर्मी, सूखा और हीटवेव इसका कारण बन जाती हैं.