उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या करवा दी। इसके बाद वह लोगों के बीच बैठकर रोती रही, विलाप करती रही। हालांकि जब पुलिस ने जांच शुरू की तो जांच की सुई मृतक की पत्नी पर आकर अटक गई। चांदा के कयामुद्दीनपुर में 38 साल के महेश पुत्र गंगादीन की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी और पत्नी के प्रेमी को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, महेश की पत्नी पूजा और उसके प्रेमी जयप्रकाश यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पता चला है कि अवैध संबंधों में बाधा बन रहे पति की हत्या पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर बुधवार रात को की थी। हत्या के बाद शव को बाग में फेंक दिया गया था। इस हत्या की घटना से सनसनी मच गई थी। पुलिस ने घटना के कुछ घंटे बाद कॉल डिटेल के आधार पर पहले प्रेमी को हिरासत में लिया और फिर अंतिम यात्रा निकाले जाने के कुछ ही देर बाद महेश की पत्नी को भी हिरासत में ले लिया।
महेश की पत्नी पूजा ने गुरुवार सुबह से ही रो-रोकर सभी को गुमराह कर रखा था, लेकिन उसकी गिरफ्तारी के बाद ग्रामीण भी सन्न रह गए। महेश के परिवार के लोग उसका शव देखते ही रोने-पीटने लगे। सूचना मिलने पर चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची थी।