Neha Singh Rathore interview on Gen-Z Conclave: मशहूर लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने News24 Bharat Nirman Summit 2026 के तहत Gen-Z कॉन्क्लेव में दिए स्पेशल इंटरव्यू में अपने गीतों, सरकार से पूछे जाने वाले सवालों, अपने ऊपर दर्ज मुकदमों और निष्पक्षता से जुड़े तमाम आरोपों पर खुलकर अपनी राय रखी है. 'यूपी में का बा' फेम नेहा ने साफ शब्दों में कहा कि वह किसी राजनीतिक दल से प्रभावित नहीं हैं, बल्कि जनता और युवाओं के हक की आवाज उठाती हैं. नेहा सिंह राठौर ने कहा कि जब भी वह बेरोजगारी, महंगाई या पेपर लीक जैसे जनहित से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाती हैं, तो समाधान निकालने के बजाय उनके खिलाफ FIR दर्ज करवा दी जाती है. उन्होंने बताया कि पहलगाम आतंकी हमले के समय जब उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार से सवाल पूछा, तो उन पर देशद्रोह तक का आरोप लगा दिया गया, जबकि वे सिर्फ एक आम नागरिक के तौर पर सवाल कर रही थीं.

किसी भी पार्टी की समर्थक या प्रवक्ता नहीं हूं

किसी दल विशेष से जुड़े होने के आरोपों को खारिज करते हुए नेहा ने कहा कि वह किसी भी पार्टी की समर्थक या प्रवक्ता नहीं हैं. उन्होंने सभी सरकारों के खिलाफ समय-समय पर गीत गाए हैं. राहुल गांधी के मंच पर जाने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि वह महिलाओं का मंच था. यदि भाजपा या प्रधानमंत्री भी उन्हें मंच देंगे तो वह वहां जाकर भी बेरोजगारी और पेपर लीक पर गीत गाने को तैयार हैं.
उन्होंने कहा कि लगातार मुकदमों और धमकियों के बावजूद वह लिखना-गाना बंद नहीं करेंगी. वहीं, निजी जिंदगी पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनके पति हिमांशु उनके काम और अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा समर्थन करते हैं, जिससे उन्हें बिना डरे आगे बढ़ने की ताकत मिलती है.

---विज्ञापन---