Nagpur Maharashtra Looteri Dulhan: महाराष्ट्र के नागपुर में समीरा फातिमा नामक महिला काफी सुर्खियों मे है, क्योंकि इस महिला ने 8 शादीशुदा मर्दों को अपने प्रेमजाल में फंसाकर शादी की और लाखों रुपये ठगे। मामला सामने आने के बाद 29 जुलाई 2025 को नागपुर पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया। स्कूल में टीचर रह चुकी समीरा फातिमा को नागपुर के सिविल लाइंस इलाके में चाय की टपरी से दबोचा गया था। गिट्टीखदान पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ब्लैकमेल करके ठगती थी पैसे
समीरा करीब डेढ़ साल से फरार थी। उस पर 8 पुरुषों से शादी करके उनको ब्लैकमेल करने और 50 लाख रुपये ठगने का आरोप है। एक पीड़ित ने 50 लाख और दूसरे ने 15 लाख रुपये ठगे जाने का दावा किया है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि समीरा सोशल मीडिया और मैट्रिमोनियल साइट्स के जरिए शादीशुदा मर्दों को फंसाती थी। इसके लिए वह खुद को तलाकशुदा और बच्चे की मां बताती थी। इमोशनल कहानियां सुनाकर मर्दों का विश्वास जीतती थी।
पैसे वसूलकर हो जाती थी गायब
मर्दों के साथ होने वाली बातचीत को वह रिकॉर्ड करती थी। शादी करने के बाद पतियों को मानसिक रूप से परेशान करके झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर पैसे वसूलती थी। पैसे लेने के बाद वह गायब हो जाती थी। समीरा ने जिन मुस्लिम पुरुषों को निशाना बनाया, उनमें भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। मार्च 2023 में समीरा के खिलाफ पहली शिकायत पुलिस को मिली थी। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) के तहत केस दर्ज किया था, जिसे अब भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत अपडेट कर दिया गया है।
समीरा के खिलाफ पुलिस ने ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। देखें पूरे मामले पर News24 की ये स्पेशल रिपोर्ट…