IPL 2025 Mega Auction: आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन के दूसरे दिन बड़े फेरबदल देखने को मिले। लंबे समय से एक टीम से जुड़े कई खिलाड़ियों की एंट्री नई टीम में हुई। स्टीव स्मिथ, केन विलियमसन, एलेक्स कैरी जैसे बड़े नाम दूसरे दिन अनसोल्ड रहे। हालांकि, फ्रेंचाइजियों के बीच भुवनेश्वर कुमार को टीम में शामिल करने के लिए जबरदस्त होड़ देखने को मिली। भुवनेश्वर को आखिरकार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 10.75 करोड़ की मोटी रकम खर्च करते हुए टीम से जोड़ा।
भुवी दूसरे दिन बिकने वाले सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। भुवनेश्वर के बाद ऑक्शन के दूसरे दिन सबसे बड़ी बोली दीपक चाहर के नाम पर लगी। दीपक का चेन्नई सुपर किंग्स से साथ इस बार छूट गया और वह इंडियन प्रीमियर लीग के 18वें सीजन में मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए दिखाई देंगे। दीपक को मुंबई ने 9.25 करोड़ की बोली लगाते हुए अपनी टीम में शामिल किया।
आकाशदीप के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स ने 8 करोड़ रुपये किए और वह दूसरे दिन के तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। मुकेश कुमार को भी दिल्ली ने आरटीएम का इस्तेमाल करते हुए 8 करोड़ में अपनी टीम से जोड़ा। मार्को यानसन के लिए पंजाब किंग्स ने 7 करोड़ रुपये खर्च किए।