नगीना लोकसभा सीट से सांसद और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के एक बयान से बवाल मच गया है जिसमें उन्होंने अपनी ही हत्या की बात की है. उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा कि एक फार्म हाउस में उनकी हत्या की योजना बनाई गई थी. चंद्रशेखर आजाद का कहना है कि उनके पास इस संबंध में पुख्ता सूचनाओं का स्रोत है और वह यह बात पूरी जिम्मेदारी के साथ कह रहे हैं.
चंद्रशेखर आजाद ने सरकार से इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि जांच के जरिए कथित हत्या के साजिश के साथ-साथ बाराबंकी में हुए हिंसा में शामिल लोगों की भूमिका भी सामने आनी चाहिए. उन्होंने अपने बयान में कहा कि उनके पास जो जानकारी या स्रोत है वह गलत नहीं है. यह पूरा मामला उस घटना से जुड़ा है जब चंद्रशेखर आजाद गोंडा में कारोबारी विनोद साहनी हत्याकांड के पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहे थे. रिपोर्टों के मुताबिक बाराबंकी में पुलिस ने उनके काफिले को रोका. इसी दौरान पुलिस और आजाद के बीच धक्कामुक्की हुई और बाद में उनके काफिले पर पथराव के आरोप भी सामने आए. चंद्रशेखर आजाद ने इसी घटना को अपनी सुरक्षा से जोड़ते हुए गंभीर सवाल उठाए.
---विज्ञापन---