क्या आपके पास वोटर आईडी कार्ड (Voter ID Card) है? अगर हां, तो भी यह जरूरी नहीं कि आपका नाम इस बार की वोटर लिस्ट में शामिल ही हो. चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक, अगर आपका नाम चुनाव की आधिकारिक मतदाता सूची (Electoral Roll) में नहीं है, तो आप वोट नहीं डाल पाएंगे, भले ही आपके हाथ में असली वोटर कार्ड क्यों न हो.
इसीलिए किसी भी चुनाव से पहले वोटर लिस्ट में अपना नाम जांचना बेहद जरूरी होता है. आइए जानते हैं कि आप घर बैठे ऑनलाइन वोटर लिस्ट में नाम कैसे चेक कर सकते हैं, नाम न मिलने पर क्या करें और डिटेल्स में गलती हो तो उसे कैसे सुधरवाएं.
कहां और कैसे चेक करें वोटर लिस्ट में अपना नाम?
भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने इसके लिए एक बेहद आसान ऑनलाइन सुविधा दी है. आप voters.eci.gov.in पोर्टल पर जाकर कुछ ही मिनटों में अपना नाम चेक कर सकते हैं. स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस:
- सबसे पहले चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in पर जाएं.
- होमपेज पर Search in Electoral Roll के ऑप्शन पर क्लिक करें.
- यहां नाम खोजने के लिए आपको विकल्प मिलेंगे. आप अपनी पर्सनल डिटेल्स जैसे कि नाम, राज्य, विधानसभा क्षेत्र से खोज सकते हैं या सीधे अपने EPIC Number यानी वोटर आईडी कार्ड नंबर से सर्च कर सकते हैं.
- मांगी गई जानकारियां भरें, स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा कोड डालें और सबमिट करें.
- आपके सामने रिजल्ट आ जाएगा. अगर आपका नाम लिस्ट में है, तो अपने पोलिंग स्टेशन की जानकारी और बाकी डिटेल्स ध्यान से चेक कर लें.
अगर पहली बार में नाम न मिले, तो स्पेलिंग सही से चेक करें या EPIC नंबर के जरिए सर्च करके देखें.
वोटर लिस्ट में नाम गायब हो तो तुरंत करें ये काम
अगर आपका नाम लिस्ट में नहीं मिलता है और आप वोट डालने के योग्य हैं, तो चुनाव के दिन का इंतजार न करें. नाम जुड़वाने में थोड़ा समय लगता है. नया नाम जुड़वाने के लिए वोटर पोर्टल पर जाएं और नया रजिस्ट्रेशन कराने के लिए फॉर्म 6 (Form 6) ऑनलाइन भरें. इसमें अपनी फोटो, पते और पहचान का प्रमाण पत्र अपलोड करें. अगर आप पहले से रजिस्टर्ड थे लेकिन किसी नई जगह शिफ्ट हुए हैं, तो नया फॉर्म भरने के बजाय निवास स्थान बदलने (Shifting) का विकल्प चुनें.
नाम या पते में गलती है? ऐसे करें सुधार
अगर वोटर लिस्ट में आपका नाम तो है, लेकिन नाम की स्पेलिंग, पिता का नाम, फोटो या पते में कोई गलती है, तो उसे सुधारना बहुत आसान है:
- voters.eci.gov.in पोर्टल पर लॉगिन करें.
- Form 8 को चुनें.
- इसमें Correction of Entries विकल्प पर टिक करें.
- जो जानकारी सुधारनी है, उसकी सही डिटेल भरें और संबंधित सपोर्टिंग डॉक्यूमेंट अपलोड करें.
- फॉर्म सबमिट करने के बाद आपको एक रेफरेंस नंबर मिलेगा, उसे संभालकर रख लें.
एप्लीकेशन का स्टेटस कैसे ट्रैक करें?
फॉर्म जमा करने के बाद आप पोर्टल पर Track Application Status में जाकर अपना रेफरेंस नंबर दर्ज करके चेक कर सकते हैं कि आपके आवेदन को अप्रूवल मिला या नहीं. जैसे ही स्टेटस अपडेट हो, एक बार फिर से वोटर लिस्ट में अपना नाम सर्च करके देख लें.