Noida-Akshardham Link Road Traffic Update: नोएडा से दिल्ली, अक्षरधाम और मयूर विहार आने-जाने वाले लाखों वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है. नोएडा-अक्षरधाम यूपी लिंक रोड (UP Link Road) पर स्थित DND इंटरसेक्शन पर रोजाना लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम को खत्म करने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक बड़ा मास्टरप्लान तैयार किया है.
दिवाली के बाद DND इंटरसेक्शन को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा और ट्रैफिक को व्यवस्थित यू-टर्न (U-Turn) के जरिए निकाला जाएगा. इस व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू करने के लिए फिलहाल चरणबद्ध तरीके से ट्रायल शुरू हो चुका है. इसके साथ ही दिल्ली के आईटीओ (ITO) फ्लाईओवर के नीचे खाली पड़ी जगह को सुंदर कैफे और आधुनिक PWD कंट्रोल रूम में बदलने की तैयारी भी जोरों पर है.
दो चरणों में चल रहा है यू-टर्न का ट्रायल
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के अनुसार नई व्यवस्था को पूरी तरह लागू करने से पहले दो चरणों में टेस्ट किया जा रहा है. पहले चरण में मयूर विहार स्थित स्टार सिटी मॉल के पास बने नए यू-टर्न पर ट्रायल जारी है. यहां गाड़ियों की स्पीड, ट्रैफिक के दबाव और पीक आवर्स के मूवमेंट की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. वहीं दूसरे चरण में अगले हफ्ते से DND इंटरसेक्शन के पास मौजूद पुराने यू-टर्न पर ट्रायल शुरू होगा. इसे और चौड़ा व व्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि भारी ट्रैफिक बिना रुके आसानी से मुड़ सके.
दिवाली तक इन दोनों यू-टर्न पर ट्रैफिक की निगरानी के बाद रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसके आधार पर इंटरसेक्शन को हमेशा के लिए बंद कर दिया जाएगा.
DND इंटरसेक्शन बंद होने के बाद ऐसा होगा नया रूट
इंटरसेक्शन बंद होने के बाद चालकों को नए रास्तों (Routes) का इस्तेमाल करना होगा. जैसे कि नोएडा/DND से न्यू अशोक नगर, चिल्ला गांव, गाजीपुर, त्रिलोकपुरी या वसुंधरा एन्क्लेव जाने के लिए वाहनों को नोएडा/DND से उतरने के बाद स्टार सिटी मॉल के पास बने यू-टर्न से मुड़ना होगा. वहीं न्यू अशोक नगर और त्रिलोकपुरी से DND या अक्षरधाम जाने के लिए चालकों को DND इंटरसेक्शन के पास बने पुराने यू-टर्न का इस्तेमाल करना होगा.
ITO फ्लाईओवर के नीचे बनेगा हाई-टेक PWD ऑफिस और कैफे
यातायात सुधार के साथ-साथ दिल्ली के सौंदर्यीकरण पर भी काम हो रहा है. आईटीओ (ITO) स्थित आईपी स्टेट थाने के पास फ्लाईओवर के नीचे की गंदी पड़ी जगह को पूरी तरह चमकाया जा रहा है. लोक निर्माण विभाग (PWD) यहां अपना एक आधुनिक दफ्तर बना रहा है, जहां 40 कर्मचारी बैठकर पूरे दिल्ली शहर में लगे 2 लाख से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की लाइव निगरानी करेंगे. इस जगह पर एक मॉडर्न कैफे और स्नैक्स कियोस्क खोले जाएंगे, जहां 100 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी. आसपास चारों तरफ सुंदर पौधे और हरियाली विकसित की जाएगी.