बिहार के बिजली उपभोक्ताओं और नया बिजली कनेक्शन लेने की योजना बना रहे लोगों के लिए एक बेहद अहम खबर है. राज्य में 1 नवंबर 2026 से नए बिजली कनेक्शन लेने के नियम और दरें बदलने जा रही हैं. बिहार विद्युत विनियामक आयोग (BERC) की स्वीकृति के बाद नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी (NBPDCL) और साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी (SBPDCL) ने नई सर्विस चार्ज दरों को अधिसूचित कर दिया है. ये नई दरें 150 किलोवाट तक के लो टेंशन (LT) बिजली कनेक्शनों पर लागू होंगी. इसके अलावा, 1 नवंबर से नया कनेक्शन लेने वाले सभी उपभोक्ताओं को केवल स्मार्ट प्रीपेड मीटर (Smart Prepaid Meter) ही लगाया जाएगा. जानिये, नया कनेक्शन लेने पर अब आपकी जेब पर कितना असर पड़ेगा.
कनेक्शन लेने के नियमों और दरों में हुए बदलाव
सिंगल फेज कनेक्शन के नए रेट
घरेलू या अन्य श्रेणियों के लिए लो टेंशन सिंगल फेज कनेक्शन की नई दरें इस प्रकार तय की गई हैं:
3 किलोवाट (kW) तक के कनेक्शन पर प्रति किलोवाट 300 रुपये की दर से 900 रुपये सर्विस चार्ज देना होगा. 3 किलोवाट से अधिक के कनेक्शन पर 2,700 रुपये का बेस चार्ज लगेगा. वहीं 3 किलोवाट से ऊपर के हर अतिरिक्त किलोवाट पर 1000 प्रति किलोवाट अतिरिक्त भुगतान करना होगा.
थ्री फेज कनेक्शन के नए रेट
कारोबारी, औद्योगिक या बड़े घरों के लिए थ्री फेज कनेक्शन की तय की गई नई दरें:
5 से 19 किलोवाट तक के कनेक्शन – 5 किलोवाट तक: 4,500 रुपये का फिक्स्ड सर्विस चार्ज.
5 किलोवाट से अधिक होने पर: 5 किलोवाट के बाद हर अतिरिक्त किलोवाट के लिए 1,500 रुपये प्रति kW देना होगा.
20 से 44 किलोवाट तक के कनेक्शन- 20 किलोवाट तक: 21,000 रुपये फिक्स शुल्क.
20 किलोवाट से अधिक होने पर: 20 किलोवाट के बाद हर अतिरिक्त किलोवाट पर 2,000 रुपये प्रति kW अतिरिक्त देना होगा.
स्मार्ट प्रीपेड मीटर और नया टैरिफ नियम
नियमों में बदलाव केवल सर्विस चार्ज तक सीमित नहीं है, बल्कि मीटरिंग और बिलिंग की व्यवस्था को भी स्मार्ट बनाया गया है. 1 नवंबर यानी कल से जारी होने वाले सभी 150 किलोवाट तक के नए कनेक्शनों में स्मार्ट प्रीपेड मीटर ही इंस्टॉल किया जाएगा. नए बिजली दरों के तहत दिन के समय (Off-peak hours) सस्ती बिजली और पीक ऑवर्स में महंगी बिजली का नियम लागू होगा. उपभोक्ता के निर्धारित फीस जमा करते ही बिजली वितरण कंपनी पोल से मीटर तक लाइन और सर्विस वायर खुद मुहैया कराएगी और कनेक्शन चालू करेगी.