अगर आप किराए के मकान में रहते हैं या आपका खुद का मकान है और आपने उसका एक हिस्सा किराए पर उठाया है, तो आपके मन में यह सवाल जरूर आया होगा कि क्या एक ही पते पर दो अलग-अलग एलपीजी गैस कनेक्शन (LPG Gas Connection Rule) लिए जा सकते हैं? अक्सर लोग मकान मालिक और किराएदार के अलग रहने पर दूसरा गैस कनेक्शन पाने को लेकर भ्रम में रहते हैं. तेल कंपनियों और सरकार के नियमों के मुताबिक, इसका जवाब इस बात पर निर्भर करता है कि आपके घर में रहने और खाने-पीने (किचन) की व्यवस्था कैसी है.जानिये एलपीजी कनेक्शन को लेकर नियम क्या कहते हैं और इसके लिए किन शर्तों को पूरा करना जरूरी है.
क्या एक ही पते पर मिल सकते हैं दो गैस कनेक्शन?
सरकारी नियमों के अनुसार, एक ही पते पर दूसरा गैस कनेक्शन तभी मिल सकता है, जब मकान मालिक और किराएदार बिल्कुल अलग-अलग परिवारों की तरह रह रहे हों और दोनों के पास अपना अलग किचन हो. अगर घर में रसोई एक ही है और मकान मालिक व किराएदार मिलकर खाना बनाते हैं, तो एक ही पते पर दो घरेलू गैस कनेक्शन बिल्कुल नहीं मिल सकते. सरकार के गैस कंट्रोल ऑर्डर के मुताबिक, एक ही रसोई (कॉमन किचन) वाले परिवार , जिसमें पति, पत्नी, बच्चे और माता-पिता शामिल हैं, उनके पास केवल एक ही एलपीजी कनेक्शन हो सकता है. सिर्फ यह कह देना काफी नहीं है कि आप अलग-अलग कमरों में रहते हैं. गैस एजेंसी को यह साबित करना होगा कि दोनों परिवारों का चूल्हा और किचन पूरी तरह अलग है.
नया कनेक्शन लेते वक्त किन बातों का रखना होगा ध्यान?
अगर आप और आपके किराएदार या एक ही घर में रह रहे दो अलग परिवार, अलग किचन का इस्तेमाल करते हैं, तो आप अलग कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए आपको ये प्रक्रिया अपनानी होगी:
- आपको गैस डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाकर अपनी स्थिति बतानी होगी. इसके लिए अलग से एड्रेस प्रूफ, परिवार की घोषणा (Household Declaration) और केवाईसी पूरी करनी होगी.
- गैस एजेंसी के अधिकारी यह जांच करेंगे कि वाकई दोनों परिवारों के रहने और पकाने की व्यवस्था अलग है या नहीं. इसके बाद ही नए कनेक्शन पर फैसला लिया जाएगा. उदाहरण के लिए अगर कोई परिवार अलग फ्लोर पर रहता है और उसका किचन पूरी तरह अलग है, तो वह अलग कनेक्शन के लिए पात्र हो सकता है.
ये जरूरी नियम भी जान लीजिए
DBC (डबल बॉटल कनेक्शन): अगर आपको एक ही कनेक्शन पर ज्यादा गैस की जरूरत है, तो आप दो सिलेंडर वाला कनेक्शन यानी डीबीसी (DBC) ले सकते हैं. हालांकि, दोनों सिलेंडर एक ही कनेक्शन के तहत गिने जाएंगे.
PNG और LPG दोनों नहीं रख सकते: अगर आपके घर में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) यानी पाइप वाली गैस का कनेक्शन आ चुका है, तो आप कोई दूसरा घरेलू एलपीजी गैस कनेक्शन या सिलेंडर नहीं रख सकते हैं. नियम के मुताबिक पीएनजी उपभोक्ता एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल नहीं कर सकते.