Delhi-Haridwar Expressway: दिल्ली से हरिद्वार जाने वाले यात्रियों के लिए नवंबर के आखिर तक एक नया रास्ता खुलने की उम्मीद है. दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से जुड़ा हलगोया-हरिद्वार लिंक रोड तैयार किया जा रहा है. करीब 51 किलोमीटर लंबे इस 6 लेन के एक्सेस-कंट्रोल हाईवे के शुरू होने से दिल्ली, पश्चिमी यूपी, सहारनपुर, रुड़की और हरिद्वार के बीच आवाजाही आसान हो सकती है. इसके चालू होने से रुड़की और बहादराबाद के बिजी रूट पर ट्रैफिक का प्रेशर भी कम होने की संभावना है. NHAI के स्तर पर सड़क की फिनिशिंग और सुरक्षा से जुड़े जरूरी काम किए जा रहे हैं. मौजूदा जानकारी के मुताबिक, नवंबर के आखिरी हफ्ते में इसे ट्रैफिक के लिए खोलने की तैयारी है.
हलगोया से हरिद्वार तक बनेगा सीधा लिंक
ये रूट यूपी के सहारनपुर जिले में बड़गांव के पास हलगोया मुस्तहकम गांव से शुरू होता है. सहारनपुर में इसका करीब 19 किलोमीटर हिस्सा 17 गांवों की सीमाओं से होकर गुजरता है. आगे ये रुड़की से जुड़ते हुए हरिद्वार के लिए नेशनल हाईवे-334 तक पहुंच बनाता है. पूरे 51 किलोमीटर के रूट पर वाहनों की आवाजाही कंट्रोल में रहेगी. यानी ड्राइवर अपनी सुविधा से कहीं से भी हाईवे पर प्रवेश या बाहर नहीं निकल सकेंगे. इसके लिए निर्धारित इंटरचेंज बनाए गए हैं. उत्तर प्रदेश के नागल में 8वें किलोमीटर और उत्तराखंड के सलीयर में 32वें किलोमीटर पर एंट्री और एग्जिट की सुविधा होगी.
सहारनपुर और उत्तराखंड के गांवों को फायदा
इस प्रोजेक्ट से सहारनपुर के हलगोया, शीतलाखेड़ा, पहाड़पुर, गांगनौली, खेड़ामुगल, पनियाली कासिमपुर और नाफेपुर समेत कई गांवों को बेहतर रोड कनेक्टिविटी मिलेगी. उत्तराखंड में ये रूट सलीयर, मेहवड़ कलां और रहमतपुर से होते हुए बहादराबाद तक पहुंचेगा.
दिल्ली से हरिद्वार-ऋषिकेश का सफर होगा आसान
नया लिंक रूट शुरू होने के बाद दिल्ली से आने वाली गाड़ियां शहरों के भीतर लगने वाले जाम से बचते हुए हरिद्वार की तरफ जा सकेंगे. इससे सहारनपुर और रुड़की के बीच भी एक अल्टरनेट फास्ट रूट मिलेगा. हरिद्वार से ऋषिकेश जाने वाले मुसाफिरों को भी बेहतर कनेक्टिविटी का फायदा मिल सकता है.
फिलहाल दिल्ली से हरिद्वार पहुंचने में ट्रैफिक के कारण 3 से 5 घंटे तक लग सकते हैं. नए रूट से ये दूरी करीब 90 मिनट में तय होने का दावा किया जा रहा है. हालांकि असल वक्त शुरुआती लोकेशन, ट्रैफिक और रूट की अवेलेबिलिटी पर निर्भर करेगा. साल 2027 में प्रहरिद्वार महाकुंभ के दौरान भी ये सड़क फायदेमंद साबित हो सकती है.
हाईवे पर 6 बड़े पुल और 6 फ्लाईओवर
इस 51 किलोमीटर लंबे मार्ग पर 6 बड़े पुल और 6 फ्लाईओवर बनाए गए हैं. उत्तराखंड के बढ़ेड़ी के पास ट्रैफिक फ्लो को स्मूद रखने के लिए तकरीबन 870 मीटर लंबा एलिवेटेड रोड भी तैयार किया गया है. बहादराबाद के पास अंतिम चरण का काम पूरा होने के बाद इसे नवंबर के आखिरी हफ्ते में खोलने का प्लान है.