छठ पूजा पर घर जाना है और ट्रेन में 200 से वेटिंग देखकर सिर पकड़ लिया है? तो टेंशन मत लीजिए, दिल्ली सरकार ने आपके लिए प्लान-B तैयार कर लिया है. दिल्ली परिवहन विभाग (DTC) इस बार बिहार के लिए 50 से ज्यादा लग्जरी AC Volvo बसें चलाने जा रहा है.परिवहन मंत्री पंकज सिंह के अनुसार छठ पर्व से ठीक पहले बसों को सड़क पर उतार दिया जाएगा. मतलब दिवाली के तुरंत बाद से ही आपको दिल्ली से सीधा बिहार की बस मिलने लगेगी. भीड़ बढ़ी तो बसों की संख्या 50 से 100 भी की जा सकती है. जानिये ये बसें किन-किन शहरों के लिए चलेंगी, किराया और बुकिंग की क्या प्रक्रिया होगी और कब से सफर शुरू हो सकेगा.
किन-किन जिलों के लिए मिलेगी बस?
पहले फेज में 7 जिलों को कवर किया जा रहा है. ये बसें दिल्ली से इन रूटों पर चलेंगी:
पटना
गया
मुजफ्फरपुर
दरभंगा
पूर्णिया
भागलपुर
और एक अन्य प्रमुख जिला जैसे सहरसा/छपरा रूट पर भी विचार चल रहा है. ये सभी इंटरस्टेट बसें होंगी, जो आनंद विहार ISBT और सराय काले खां से खुलेंगी.
ट्रेन से बेहतर क्यों?
दिल्ली से बिहार 1100 KM का सफर है, इसलिए नॉर्मल नहीं, पूरी वोल्वो AC स्लीपर/सेमी-स्लीपर बसें चलेंगी. इसमें वॉशरूम और चार्जिंग पॉइंट जैसी सुविधा भी होगी. इसमें ट्रेन की तरह वेटिंग का झंझट नहीं है. यात्री जितनी जल्दी बुकिंग करेंगे, उनकी उतनी जल्दी सीट पक्की होगी. आपको बता दें कि इसके दिल्ली और बिहार सरकार के बीच पहले ही MoU पर साइन हो चुका है. इसलिए परमिट का झंझट नहीं है. हालांकि एलजी से इसे अभी तक मंजूरी नहीं मिली है.
टिकट कैसे बुक होगा?
LG की मंजूरी के बाद DTC अपनी वेबसाइट dtc.delhi.gov.in और delhi.gov.in के साथ-साथ DTC Bus App पर बुकिंग खोलेगा. किराया अभी फाइनल नहीं है, पर अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन के 3AC के आसपास रखा जाएगा. छठ पर जाना है तो अभी से DTC वेबसाइट पर नजर रखें, क्योंकि ये बसें आते ही 2 दिन में फुल हो जाती हैं.