सांसद की बेटी ने BMW से शख्स को कुचला, चुटकियों में थाने से ही मिल गई जमानत

Tamilnadu Car Accident : तमिलनाडु में पुणे पोर्श जैसा मामला सामने आया है। राज्यसभा सासंद बीडा मस्तान राव की बेटी पर आरोप है कि उसने अपनी BMW कार से एक शख्स को कुचल दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई। वहीं आरोपी सांसद की बेटी को जमानत मिल गई है।

Tamil Nadu

Tamilnadu Car Accident :  पुणे में हुए पोर्श हादसे के बाद अब तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक बीएमडब्ल्यू कार ने सड़क किनारे सो रहे एक शख्स को रौंद दिया। इस हादसे में एक राज्यसभा सांसद की बेटी भी शामिल है। बताया गया कि हादसे में सड़क किनारे सो रहे व्यक्ति की मौत हो गई। यह एक हिंट एंड रन का मामला है और आरोपी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सांसद बीडा मस्तान राव की बेटी माधुरी है।

सांसद की बेटी ने शख्स को कुचला

हादसे के बाद राज्यसभा सांसद की बेटी को पुलिस स्टेशन से ही जमानत मिल गई है। मिली जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार की रात को हुई और आरोपी माधुरी अपनी महिला मित्र के साथ BMW कार में सवार थी। इस दौरान कथित तौर पर उसने चेन्नई के बेसेंट नगर में फुटपाथ पर सो रहे शख्स पर कर चढ़ा दी। बताया गया कि सड़क किनारे सो रहा शख्स नशे की हालत में था।

घटना के बाद भाग गई माधुरी!

एक रिपोर्ट के अनुसार, घटना के बाद माधुरी वहां से भाग निकली जब उसकी दोस्त वहां एकत्रित भीड़ से बहस कर रही थी। कुछ देर बाद वह भी चली गई। भीड़ में से ही किसी ने शख्स को अस्पताल में भर्ती करवाया लेकिन उसे इतनी चोट लगी थी कि मौत हो गई।

एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, मृतक का नाम सूर्या बताया जा रहा है, जिसकी आठ महीने पहले ही शादी हुई थी। मृतक के रिश्तेदार और कॉलोनी के लोग न्याय की मांग करते हुए जे-5 शास्त्री नगर पुलिस स्टेशन पर इकट्ठा हुए। जब पुलिस स्टेशन पर लोगों ने हंगामा किया तब पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

पुलिस थाने में ही मिल गई जमानत

बताया गया कि जब पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक करनी शुरू की तो पता चला कि कार बीडा मस्तान राव ग्रुप से जुड़ी हुई है और पुडुचेरी में रजिस्टर्ड है। इसके बाद पुलिस ने जांच के बाद सांसद की बेटी माधुरी को गिरफ्तार कर लिया गया। हैरानी की बात ये है कि पुलिस स्टेशन से ही उसे जमानत मिल गई।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ