दीवार पर दौड़ती बाइक और हवा में उड़ता नोट, विदेशी मेहमान भी रह गया दंग- VIDEO VIRAL
Author: Mohd Tahleel Chaudhary
Apr 07, 2026 02:43 PM IST
भारत के पारंपरिक मेलों में दिखने वाला मशहूर स्टंट ‘मौत का कुआं’ अब विदेशों में भी चर्चा का विषय बन गया है. हाल ही में एक विदेशी कंटेंट क्रिएटर Eddy Rosenthal ने इसे पहली बार करीब से देखा, और उनका रिएक्शन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
वायरल वीडियो में एडी ‘मौत के कुएं’ के किनारे खड़े नजर आते हैं. उनके हाथ में 20 रुपये का नोट होता है, जिसे वे स्टंटमैन को दिखा रहे होते हैं. तभी एक बाइक सवार कलाकार बेहद तेज रफ्तार से दीवार पर दौड़ता हुआ उनकी ओर आता है. खास बात यह है कि वह बिना हैंडल पकड़े बाइक चला रहा होता है. पलक झपकते ही वह एडी के हाथ से नोट लेता है और आगे निकल जाता है. यह नजारा इतना तेज और हैरान करने वाला होता है कि एडी खुशी और हैरानी में जोर से चिल्ला उठते हैं “यह सिर्फ भारत में ही हो सकता है.
इस वीडियो को सोशल मीडिया पर लाखों बार देखा जा चुका है और लोग इसे खूब पसंद कर रहे हैं. कई यूजर्स ने मजेदार कमेंट किए हैं. किसी ने लिखा कि “विदेशी हमसे ज्यादा भारत को एन्जॉय कर रहा है,” तो किसी ने इस स्टंट को “खतरनाक लेकिन शानदार” बताया. एडी का उत्साह और बच्चों जैसी खुशी लोगों का दिल जीत रही है.
दरअसल, ‘मौत का कुआं’ सिर्फ एक स्टंट नहीं, बल्कि एक जोखिम भरी कला है. इसमें बाइक या कार चालक गोल दीवार पर तेज गति से चलते हैं, जो Centrifugal Force यानी अपकेंद्र बल के कारण संभव हो पाता है. यही बल गाड़ी को दीवार से चिपकाए रखता है. हालांकि, इसमें जरा सी चूक भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है. इसके बावजूद ये कलाकार अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों का मनोरंजन करते हैं, जो उनकी हिम्मत और हुनर को दर्शाता है.