देश के कई हिस्सों में इन दिनों एलपीजी सप्लाई को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कहीं गैस सिलेंडर की कमी की खबरें हैं तो कहीं डिलीवरी में देरी हो रही है. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को हैरान भी कर दिया है और हंसने पर भी मजबूर कर दिया है.
वायरल वीडियो में एक किचन का नजारा दिखाई देता है, लेकिन यहां खाना बनाने का तरीका बिल्कुल अलग है. गैस चूल्हे की जगह एक स्टील के बर्तन में सब्जी रखी गई है और उसे पकाने के लिए इमर्शन हीटर रॉड का इस्तेमाल किया जा रहा है. जैसे ही रॉड गर्म होती है, सब्जी में उबाल आने लगता है और वह पकती नजर आती है. वीडियो में यह भी लिखा है कि गैस खत्म हो गई है, इसलिए यह जुगाड़ अपनाया गया है.
---विज्ञापन---
बताया जा रहा है कि कुछ जगहों पर एलपीजी की सप्लाई में दिक्कत के कारण लोग ऐसे नए-नए तरीके आजमा रहे हैं. हालांकि इस वीडियो को देखने के बाद कई लोग इसे खतरनाक भी बता रहे हैं. उनका कहना है कि हीटर रॉड का इस्तेमाल पानी गर्म करने के लिए होता है, इसे खाने में इस्तेमाल करना जोखिम भरा हो सकता है. इससे करंट लगने का खतरा भी हो सकता है और यह साफ-सफाई के लिहाज से भी सही नहीं माना जाता.
---विज्ञापन---
वहीं दूसरी तरफ, सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर मजेदार प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं. कोई इसे अनोखा जुगाड़ बता रहा है तो कोई मजाक करते हुए तरह-तरह के कमेंट कर रहा है.
यह वीडियो एक तरफ लोगों की मजबूरी और जुगाड़ की सोच को दिखाता है, तो दूसरी तरफ यह भी याद दिलाता है कि ऐसे प्रयोग करते समय सुरक्षा का ध्यान रखना कितना जरूरी है.