गमछे में छुपाई रिवाल्वर, कनपटी में सटाकर मारी गोली फिर टहलते चला गया हत्यारा; कानपुर में मर्डर का वीडियो वायरल
Author: Avinash Tiwari
Jul 05, 2024 12:51 PM IST
Kanpur Murder Video Viral : उत्तर प्रदेश के कानपुर में दिनदहाड़े हुई हत्या का एक वीडियो सामने आया है। हत्या की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। हत्या करने वाले शख्स में ना कानून का खौफ दिखा और ना ही वहां मौजूद लोगों का कोई डर। वह आराम से टहलता हुआ पहुंचा और कनपटी में सटाकर फायरिंग कर दी। इसके बाद हत्या करने वाला शख्स आराम से टहलता हुए चला गया। इस घटना के बाद वहां मौजूद लोग जान बचाकर भागने लगे। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।
कहां का है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि घटना नौबस्ता थानाक्षेत्र के नौबस्ता चौराहे की है। उस्मानपुर पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर दिनदहाड़े एक शख्स ने गोली मारकर हत्या कर दी। बताया गया कि जिस शख्स की हत्या हुई है वो स्टैंड संचालक था। आस पास कई रिक्शाचालक भी मौजूद थे लेकिन जैसी ही फायरिंग हुई, सब जान बचाकर भाग निकले।
हत्या का आरोप एक वैन चालक के भाई पर लगा है, जिसका स्टैंड संचालक से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि स्टैंड पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा था और इसी विवाद के चलते हत्या हुई है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में दहशत है। दावा किया जा रहा है कि जिस वक्त हत्या हुई, चौराहे पर पुलिसवाले खड़े थे। इसके बावजूद वह फरार हो गया।
देखें वीडियो
सामने आए सीसीटीवी वीडियो में देखा जा सकता है कि हत्या करने वाला शख्स गमछे में तमंचा छिपाकर वहां पहुंचा और कनपटी में सटाकर गोली मार दी। गोली लगने के बाद स्टैंड संचालक की मौत हो गई और आरोपी आराम से वहां से फरार हो गया। किसी ने उसे पकड़ने की भी कोशिश नहीं की। हत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और अब फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें : ये क्या? भरे बाजार में अचानक उतार दिए कपड़े, रिक्शा चालक की जमकर की पिटाई; वीडियो हो रहा वायरल
वहीं डीसीपी साउथ के रविंद्र कुमार ने बताया है कि मृतक की पहचान हरिकरण सिंह (55 साल) हुई है। वह स्टूल पर बैठे हुए थे, तभी एक अज्ञात शख्स ने गोली मार दी। गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई है। परिजन पहुंच रहे हैं, उनकी तरफ से जो भी तहरीर दी जाएगी, उस पर कार्रवाई की जाएगी।