Life Without Money : क्या बिना पैसे, घर के बिना जिंदगी जीना आसान है? वो भी ऐसी जगहों पर जहां पैसों को सबसे अधिक महत्व दिया जाता हो? एक महिला का दावा है कि वह बिना पैसों के जिंदगी बिता रही है और वह अब पहले से बहुत खुश है। आखिर ये महिला कैसे अपनी जिंदगी को खुशी-खुशी जी रही है और ऐसा करने के लिए उसने क्या क्या किया?
आस्ट्रेलियाई मूल की इस महिला का नाम जो नेमेथ हैं। नेमेथ ने 2015 में अपनी नौकरी छोड़ दी। उन्होंने अपने बैंक खाते में बची हुई रकम अपनी 18 साल की बेटी को दे दी। नेमेथ ने बताया कि उस समय मेरी उम्र 46 साल थी। मेरे पास अच्छी नौकरी थी और एक ऐसा पार्टनर था, जिसे मैं खूब प्यार करती थी लेकिन इसके बाद भी मैं खुश नहीं थी। सबकुछ व्यवस्थित जिंदगी थी और इसी में रहकर मैं निराश हो गई थी।
किताब ने बदल दिया जीवन
द गार्जियन को जो ने बताया कि उनके माता पिता किसान थे और उनके द्वारा दी गई एक किताब ने उनका जीवन बदल दिया। यह पुस्तक उन लोगों के बारे में थी, जिनकी जिंदगी असाधारण होती है। यह पुस्तक पढ़ने के बाद मेरे मन में बिना पैसे के जिंदगी जीने का ख्याल आया। इसके बाद मैंने उन चीजों की लिस्ट बनाई जिनकी सबसे अधिक जरूरत थी। यह लिस्ट बहुत छोटी सूची है।
उसने कहा कि मुझे बर्तन और टूथब्रश जैसी छोटी चीजों के अलावा किसी और चीज की जरूरत नहीं है।” अब जो के पास ना तो घर है न ही बर्तन और ना ही कोई और सामान। इतना ही नहीं, उनके पास कोई पैसे भी नहीं है। वह अपने मित्रों और आसपास के लोगों द्वारा दिया गया बचा हुआ ही खाना कहती हैं। महिला का कहना है कि इनसे गुजारा करने में कोई परेशानी नहीं आती है।
जो नेमेथ का कहना है कि जब भी उसका जन्मदिन या क्रिसमस जैसा कोई त्योहार होता है तो वह अपने माता-पिता या परिवार से खाने-पीने का कुछ सामान मांग लेती है। महिला का दावा है कि जब वह काम करती थी और अपने परिवार के साथ रहती थी तब की तुलना में अब वह अधिक सुरक्षित महसूस करती है। अब मेरे पास बहुत समय है और मैं जरूरतमंदों की मदद कर सकती हूं।