90 साल की ‘दादी’ ने ट्रैफिक में दिखाई दमदार ड्राइविंग, वीडियो हुआ वायरल
Author: Mohd Tahleel Chaudhary
Feb 25, 2026 12:16 PM IST
जम्मू-कश्मीर के कठुआ से एक दिलचस्प और प्रेरित करने वाली खबर सामने आई है. यहां 90 साल से ज्यादा उम्र की एक बुजुर्ग दादी इन दिनों सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं. वजह है उनका बेखौफ अंदाज में कार चलाना. वायरल वीडियो में वह अपनी मारुति ऑल्टो को शहर की व्यस्त सड़कों पर पूरे आत्मविश्वास के साथ चलाती नजर आ रही हैं.
अक्सर माना जाता है कि बढ़ती उम्र के साथ लोगों को कई दिक्कते होने लगती है. बड़ी उम्र में सही से खड़े रहना भी मुशकिल हो जाता है. लेकिन सोशल मीडिया पर छाई इन ‘दादी’ ने यह सोच बदल दी है. ट्रैफिक के बीच वह जिस सहजता से गाड़ी मोड़ती और आगे बढ़ाती हैं, उसे देखकर हर कोई हैरान है. उनके चेहरे पर न घबराहट दिखती है और न ही कोई संकोच. साफ नजर आता है कि ड्राइविंग उनके लिए सिर्फ जरूरत नहीं, बल्कि खुशी का जरिया है.
यह वीडियो बाइक राइडर विशाल ललोत्रा ने अपने बॉडी कैमरे से रिकॉर्ड किया. दादी की ड्राइविंग से प्रभावित होकर वह उनके घर तक पहुंचे और उनसे बातचीत भी की. बातचीत में दादी ने बताया कि गाड़ी चलाने से उन्हें आत्मनिर्भर होने का एहसास होता है और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है.
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया वायरल हुआ वैसे ही लोगों ने उनकी जमकर तारीफ की. एक वीडियो क्लिप में स्कूटी सवार उन्हें सम्मान देते हुए रास्ता देता नजर आता है, जिसने लोगों का दिल जीत लिया. यूजर्स का कहना है कि इस उम्र में भी उनका जज्बा बताता है कि जिंदगी जीने की कोई तय उम्र नहीं होती.