कोलकाता के दक्षिणी हिस्से में एक लड़के, उसके पिता और दोस्त को निर्वस्त्र करके सड़क पर घुमाने का मामला सामने आया है. इसकी वजह सामने आई है कि लड़के ने अपनी गर्लफ्रेंड को चूमा था और लोगों ने उसे पकड़ लिया. निर्वस्त्र सड़क पर घुमाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने सोमवार को लड़की के माता-पिता और मामा को गिरफ्तार कर लिया.
‘अपने बेटे को मार दे, या फिर…’
लड़के के पिता ने आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट की गई. इसके साथ ही लड़की के मामा ने उसे हथियार थमाकर धमकी दी कि या तो वह ‘अपने बेटे को मार दे या फिर निर्वस्त्र होकर उसके साथ सड़क पर घूमे.’
पुलिस ने क्या बताया?
न्यूज एजेंसी पीटीआई ने एक पुलिस अधिकारी के हवाले से लिखा है कि निर्वस्त्र कर घुमाने की यह घटना रविवार को सरसुना थाना क्षेत्र में हुई, जिसके बाद लोगों में आक्रोश पैदा हो गया. अधिकारी ने कहा, ‘लड़की के परिजनों ने लड़के और लड़की को एक दूसरे का कथित तौर पर चुंबन करते हुए पकड़ लिया था. उसके बाद लड़के और उसके दोस्त को एक घर में बंधक बना लिया गया. लड़की के माता-पिता और मामा ने उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की.’
वीडियो बनाकर किया वायरल
उन्होंने कहा कि लड़के को अपने पिता को जबर्दस्ती वहां बुलाने के लिए मजबूर किया गया. लड़के के पिता ने कहा, ‘वहां पहुंचने के बाद कम से कम छह लोगों ने मुझ पर हमला भी किया. फिर लड़की के मामा ने मुझे एक बंदूक दी और कहा कि मेरे पास दो विकल्प हैं, या तो मैं अपने बेटे को गोली मार दूं, या फिर उसके साथ निर्वस्त्र होकर घूमूं. लोगों ने मेरा, मेरे बेटे और उसके दोस्त का नग्न घूमते हुए वीडियो बनाया। यह हमारे लिए बहुत ही अपमानजनक था.’
पुलिस आने पर भाग गए
लड़के के पिता की शिकायत के आधार पर, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. उनमें हत्या का प्रयास, खतरनाक हथियारों या साधनों का इस्तेमाल करके जानबूझकर चोट पहुंचाना या गंभीर चोट पहुंचाना, गलत तरीके से कैद में रखना, मानहानि, आपराधिक धमकी और अपहरण जैसी धाराएं शामिल हैं. पुलिस के पहुंचने से पहले ही लड़की के परिवार के कुछ सदस्य वहां से भाग गए.
अधिकारी ने कहा, ‘लड़की के माता-पिता को उनके घर से गिरफ्तार किया गया. उसके मामा को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. हम उस हथियार का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं और यह भी जांच कर रहे हैं कि उसे कहां से हासिल किया गया था.’
साथ ही अधिकारी ने बताया, ‘इस वीडियो की वजह से इलाके में तनाव फैल गया, और गुस्साए लोगों ने लड़की के घर में तोड़फोड़ करने की कोशिश की. पुलिस का एक दल तुरंत मौके पर पहुंचा और स्थिति को काबू में किया.’
(पीटीआई के इनपुट्स के साथ)