पश्चिम बंगाल में अवैध प्रेम संबंध के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, सालानपुर के हिंदुस्तान केबल्स में सनसनी

पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित हिंदुस्तान केबल्स ओल्ड कॉलोनी में प्रेम संबंध के शक में अशोक कुमार सिंह उर्फ विक्की की पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगा है. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और एक महिला को हिरासत में लिया है.

West Bengal Murder Case

मृतक विक्की का फाइल फोटो.

पश्चिम बंगाल आसनसोल सालानपुर थाना अंतर्गत रूपनारायणपुर पुलिस फांड़ी क्षेत्र के हिंदुस्तान केबल्स स्थित ओल्ड कॉलोनी में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. एक महिला के साथ कथित अवैध प्रेम संबंध के संदेह में एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगा है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल है. मृतक की पहचान अशोक कुमार सिंह उर्फ विक्की के रूप में हुई है. परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, विक्की का पूरा परिवार दिल्ली में रहता है. उनकी पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं. हालांकि, विक्की अक्सर हिंदुस्तान केबल्स आते थे और यहां एक क्वार्टर में रहते थे.

विज्ञापन

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गुरुवार शाम अशोक कुमार सिंह उर्फ विक्की पड़ोस में रहने वाले मंटू यादव के घर पहुंचे थे. आरोप है कि विक्की और मंटू यादव की पत्नी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था. इसी दौरान विक्की के घर आने की खबर मिलते ही मंटू यादव काम से अचानक घर लौट आया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई.

विज्ञापन

बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का आरोप

आरोप है कि मंटू यादव समेत कई लोगों ने मिलकर विक्की को पकड़ लिया और उनकी बेरहमी से पिटाई की. मृतक की बुआ ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि महिला के साथ संबंध को लेकर विक्की को कथित तौर पर साजिश के तहत घर बुलाया गया था. इसके बाद उन्हें बांधकर निर्ममता से पीटा गया, जिसके कारण उनकी मौत हो गई. हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और हत्या में किस-किसकी भूमिका थी, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.

अस्पताल ले जाने के दौरान हुई मौत

मारपीट में गंभीर रूप से घायल विक्की को स्थानीय लोगों ने पहले पिठाकेयारी अस्पताल पहुंचाया. वहां उनकी हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उन्हें आसनसोल जिला अस्पताल रेफर कर दिया. लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान ही रास्ते में उनकी मौत हो गई.

विज्ञापन

दो आरोपी गिरफ्तार, महिला हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही रूपनारायणपुर पुलिस फांड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों सुरेंद्र यादव और दीपक यादव को गिरफ्तार किया है. वहीं, मामले से जुड़ी मंटू यादव की पत्नी को भी पुलिस ने हिरासत में रखा है. पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. गिरफ्तार दोनों आरोपियों को शुक्रवार को आसनसोल अदालत में पेश किया जाएगा. इस घटना ने हिंदुस्तान केबल्स की ओल्ड कॉलोनी में सनसनी फैला दी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ