हेलमेट के बिना पेट्रोल के बाद अब नहीं मिलेगी शराब, आसनसोल में ठेके के बाहर लगा 'नो हेलमेट, नो लिकर’ लिखा बोर्ड

पश्चिम बंगाल के आसनसोल में हेलमेट के बिना शराब नहीं मिलेगी, इसके लिए शराब ठेकों के बाहर बोर्ड लगा दिए गए हैं. पूरे शहर में इस बोर्ड की चर्चा हो रही है, वहीं इस पर सवाल भी उठाए जा रहे हैं.

No Helmet No Liquor | Asansol | West Bengal

शराब ठेके के बाहर लगे बोर्ड की चर्चा पूरे शहर में हो रही है. (Credit- Reporter)

पश्चिम बंगाल के आसनसोल में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती के बीच शराब खरीदने वालों के लिए एक नया बोर्ड चर्चा में है. आसनसोल नॉर्थ थाना अंतर्गत बड़ूवा बाजार स्थित शांति होटल के ऑफ शॉप के बाहर रखा गया एक बोर्ड शराब खरीदने पहुंच रहे लोगों को हैरान कर रहा है. बोर्ड पर बिना हेलमेट आने वाले लोगों को शराब नहीं देने की बात लिखी गई है. बोर्ड सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गई है. लोगों के बीच सवाल उठ रहा है कि आखिर शराब खरीदने और हेलमेट पहनने का क्या संबंध है? क्या अब शराब की दुकानों पर भी ट्रैफिक नियमों को लागू किया जा रहा है?

विज्ञापन
विज्ञापन

शराब पीकर ड्राइविंग करने वालों पर सख्ती

दरअसल, पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर प्रशासन की ओर से सख्ती बढ़ाए जाने की बात सामने आती रही है. बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई, चालान और बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों पर जुर्माना जैसे कदम उठाए गए हैं. शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाती रही है. आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस की ओर से सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाए गए. कई जगहों पर हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए और लोगों को सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की गई. पेट्रोल पंपों पर भी बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं देने संबंधी निर्देशों को लेकर सख्ती देखने को मिली.

बोर्ड के लिए एक्साइज विभाग का आदेश नहीं

लेकिन अब शराब की दुकान के बाहर रखा यह बोर्ड लोगों के लिए नई चर्चा का विषय बन गया है. खास तौर पर शराब खरीदने आने वाले लोगों में इस बात को लेकर असमंजस है कि क्या बिना हेलमेट शराब खरीदने पर भी रोक लगा दी गई है. हालांकि, शराब दुकान संचालकों की बात मानें तो यह बोर्ड उनके द्वारा जारी नहीं किया गया है. उनका दावा है कि बोर्ड पुलिस की ओर से उन्हें दिया गया है. दूसरी ओर, दुकान संचालकों का कहना है कि एक्साइज विभाग की तरफ से उन्हें इस संबंध में कोई आधिकारिक आदेश या लिखित निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है. यही वजह है कि दुकानदारों ने कथित तौर पर बोर्ड को दुकान के अंदर लगाने के बजाय बाहर रख दिया है. अब सवाल यह है कि क्या बिना हेलमेट शराब नहीं देने का कोई आधिकारिक नियम लागू किया गया है, या फिर यह केवल पुलिस की ओर से सड़क सुरक्षा को लेकर दिया गया एक निर्देश है?

विज्ञापन

एक्साइज विभाग के स्पष्टीकरण का इंतजार

फिलहाल इस बोर्ड ने शराब खरीदने आने वाले लोगों के बीच उत्सुकता और चर्चा जरूर बढ़ा दी है. लोग यह जानना चाहते हैं कि शराब की दुकान पर हेलमेट की अनिवार्यता का आधार क्या है और इस संबंध में सरकार या एक्साइज विभाग की ओर से कोई स्पष्ट आदेश जारी हुआ है या नहीं. एक तरफ बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं देने की व्यवस्था सड़क सुरक्षा से सीधे जुड़ी है, तो दूसरी तरफ शराब खरीदने को हेलमेट से जोड़ने वाले इस बोर्ड ने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखने वाली बात होगी कि संबंधित पुलिस प्रशासन और एक्साइज विभाग इस मामले में क्या स्पष्टीकरण देता है और क्या पूरे पश्चिम बंगाल में शराब की दुकानों पर भी इस तरह के निर्देश लागू किए जाने वाले हैं. फिलहाल आसनसोल के बड़ूवा बाजार में शराब की दुकान के बाहर रखा यह बोर्ड चर्चा में है और सबसे बड़ा सवाल यही है कि पेट्रोल के बाद अब क्या शराब भी बिना हेलमेट नहीं मिलेगी?

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ