पत्नी की पिटाई से तंग पति 30 दिन से बैठा 100 फीट ऊंचे पेड़ पर, गांव वाले बोले-घरों में कर रहा है ताक-झांक

mau news

मऊः उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां रहने वाला एक शख्स अपनी पत्नी से परेशान होकर पिछले एक माह से करीब 100 फीट ऊंचे ताड़ के पेड़ पर रह रहा है। घर वालों का आरोप है कि उसकी पत्नी उसके साथ झगड़ा करती है और मारपीट करती है। गांव वालों ने ताड़ पर रहने वाले व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया तो उन पर हमला कर दिया। वहीं गांव वालों का आरोप है कि व्यक्ति के पेड़ पर रहने से उनकी निजता भंग हो रही। घटना पूरे जिले में चर्चाओं का विषय बन गई है।

विज्ञापन

झगड़े के बाद पिटाई लगाती है पत्नी

यह मामला मऊ जिले के थाना कोपागंज इलाके का है। यहां बसारथपुर में रहने वाला एक व्यक्ति पिछले एक महीने से ताड़ के पेड़ पर रह रहा है। जानकारी करने पर पता चला कि व्यक्ति का नाम रामप्रवेश है। परिवार के लोगों ने बताया कि रामप्रवेश अपनी पत्नी के कारण ताड़ पर रहने के लिए मजबूर है। उनका आरोप है कि राम प्रवेश की पत्नी आए दिन उसके साथ झगड़ा करती है। झगड़ा बढ़ जाने पर उसे पीटती भी है। इन्हीं सब से परेशान होकर वह ताड़ पर रह रहा है।

विज्ञापन

समझाने गए गांव वालों पर बरसाए पत्थर

वहीं कुछ गांव वालों ने उसे समझाने का प्रयास तो अपने साथ ताड़ के पेड़ पर रखे पत्थरों से हमला कर देता है। कई बार उसने गांव वालों पर हमला किया है। परिवार के लोगों का कहना है कि जब वहां कोई नहीं होता तो वह पेड़ से नीचे उतरता है। अपनी नित्य क्रियाएं करता है और फिर से पेड़ पर चढ़ जाता है। वहीं सुबह और शाम परिवार वाले पेड़ से टंगी रस्सी के सहारे खाना बांध देते हैं, जिसे वह ऊपर खींच लेता है। परिवार वालों ने भी काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मान रहा है।

पूरे गांव के घरों का दिखता है नजारा

वहीं गांव वालों का भी अब एक नया आरोप सामने आया है। गांव वालों का कहना है कि वह करीब 100 फीट ऊंचे ताड़ के पेड़ पर बैठा है। यहां से पूरे गांव का नजारा दिखता है। इससे गांव में रहने वाले लोगों की निजता भंग हो रही है। गांव के कुछ लोगों ने पुलिस को भी मामले की जानकारी दी है, लेकिन पुलिस भी उसे पेड़ से नीचे उतारने में नाकाम रही है। पुलिस भी मौके पर आकर उसका वीडियो बनाकर चली जाती है।

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ