BJP State President: भूपेंद्र चौधरी ने संभाला कार्यभार, सीएम बोले-स्वतंत्र देव को स्वतंत्र नहीं होने देंगे
Edited By Naresh Chaudhary

Edited By Naresh Chaudhary

लखनऊः उत्तर प्रदेश की राजधारी लखनऊ में सोमवार को भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के पहुंचने पर स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक समेत कई मंत्री और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान सीएम योगी ने निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह के बारे में कहा कि हम आपको स्वतंत्र नहीं होने देंगे। प्रदेश में जब अन्य सरकारों में लाठी नहीं चटकती थी, तब स्वतंत्र देव लाठी जरूर चटका देते थे।
भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी सोमवार दोपहर शताब्दी एक्सप्रेस से लखनऊ पहुंचे। लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर सबसे पहले पार्टी के कई मंत्रियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद सभी लोग काफिले के रूप में पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर पहुंचे। यहां भूपेंद्र चौधरी के सम्मान में एक स्वागत समारोह का आयोजन किया गया था। सीएम योगी आदित्यनाथ, दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह की मौजूदगी में भूपेंद्र चौधरी ने कार्यभार ग्रहण किया।
.@BJP4UP के माननीय अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सिंह चौधरी जी के लखनऊ आगमन पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में… https://t.co/E5PFnqixkY
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 29, 2022
इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि भूपेंद्र चौधरी को केंद्रीय नेतृत्व की ओर से बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। उनकी प्रदेश में अच्छी पकड़ है। सीएम ने कहा कि एक नेता तौर पर उन्होंने पूर्व में बेहतर से बेहतर प्रदर्शन किया है। उनकी क्षमता को हम अच्छे से जानते हैं। इसके बाद सीएम ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के लिए कहा कि आपको स्वतंत्र नहीं होने देंगे। कहा कि स्वतंत्र देव संगठन के लिए ही जाने जाते हैं। प्रदेश में जब अन्य सरकारों में लाठी नहीं चटकती थी, तब स्वतंत्र देव लाठी जरूर चटका देते थे। सीएम योगी ने उम्मीद जताई कि नए प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में वर्ष 2024 में प्रदेश की सभी सीटें भाजपा जीतेगी।
वहीं नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि मैं केंद्रीय नेतृत्व का आभार प्रकट करता हूं। नेतृत्व ने सामान्य कार्यकर्ता और एक सामान्य परिवार से आने वाले व्यक्ति को एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। उन्होंने कहा कि मेरे लिए यह पल ऐतिहासिक है। भाजपा की यही ताकत है कि यहां कोई छोटा या बड़ा नहीं है। सभी का योगदान है। भाजपा ने मेरे जैसे व्यक्ति को सरकार में मंत्री बनाया और अब बड़ी जिम्मेदारी दी है। वहीं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि इस बार 80 में से 80 सीटें भाजपा जीतेगी। उन्होंने भूपेंद्र चौधरी को बधाई दी।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: