मेरठ मेडिकल कॉलेज से एक दिन का नवजात चोरी, वैक्सीन लगवाने के बहाने ले गया था अजनबी
Edited By Naresh Chaudhary

Edited By Naresh Chaudhary

मेरठः उत्तर प्रदेश के मेरठ मेडिकल कॉलेज से एक दिन का नवजात बच्चा चोरी होने का मामला सामने आया है। आरोपी बच्चा चोर अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। वहीं बच्चे के पिता ने थाना मेडिकल में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जानकारी के मुताबिक मेडिकल कॉलेज से पूर्व में भी कई बार बच्चा चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। हाल ही में मथुरा के रेलवे स्टेशन से भी बच्चा चोरी हुआ था।
मेरठ के किठौर क्षेत्र की रहने वाली डॉली पत्नी नीनू को प्रसव पीड़ा होने पर मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। परिवार वालों ने बताया कि कुछ देर बाद ही उसने एक पुत्र को जन्म दिया। परिवार में काफी खुशी का माहौल था। इसी दौरान एक अनजान युवक ने नीनू से दोस्ती कर ली। उसके साथ बार्ड में आने लगा। आरोप है कि मंगलवार को वह बच्चे को वैक्सीन लगवाने के बहाने ले गया। काफी देर साथ रहने पर परिवार वालों को उस पर भरोसा हो गया था।
#Meerutpolice pic.twitter.com/sHbwPzF42p
— MEERUT POLICE (@meerutpolice) August 31, 2022
जब काफी देर तक वह युवक बच्चे को लेकर नहीं आया तो डॉली और नीनू को शक हुआ। युवक की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लगा। परिवार में कोहराम मच गया। पीड़ित पिता ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को मामले की जानकारी दी। इसके बाद थाना मेडिकल में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वहीं पुलिस और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो आरोपी बच्चे को ले जाते हुए दिखाई दिया।
जानकारी के मुताबिक मेडिकल कॉलेज से पूर्व में भी कई बार बच्चा चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले ही यूपी के मथुरा जंक्शन के प्लेटफार्म पर एक महिला सो रही थी। तभी एक आरोपी ने उसके पास सो रहे 7 माह के बच्चे को चुरा लिया था। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। छानबीन के बाद पुलिस ने फिरोजाबाद से एक महिला पार्षद के घर से बच्चे को बरामद किया था। वहीं आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की थी।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: