फिल्म 'तेरे नाम स्टाइल' में किशोरी को बंधक बनाकर किया प्रपोज, पिता ने ऐसे उतारा आशिकी का भूत
Edited By Naresh Chaudhary

Edited By Naresh Chaudhary

लखनऊः उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक सिरफिरे की करतूत सामने आई है। सलमान खान की फिल्म ‘तेरे नाम’ की स्टाइल में उसने 14 वर्षीय एक किशोरी को अगवाकर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के पास बंधक बना लिया। काफी देर तक उसे अपने पास रखा और लगातार प्रपोज करता रहा। वहीं किशोरी चीखती और चिल्लाती रही। जैसे-तैसे मामले की जानकारी किशोरी के पिता को हुई तो उसे खोजा और बंधन मुक्त कराया। अब पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं सिरफिरे के दुस्साहस को देख परिवार वाले भी दंग हैं।
घटना यूपी की राजधानी लखनऊ की है। 14 वर्षीय किशोरी किसी काम से जा रही थी। तभी उसी की कॉलोनी में रहने वाला 19 वर्षीय आर्शियान उसके पीछे लग गया। रास्ते में एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स पड़ा तो आरोपी ने किशोरी को वहीं बंधक बना लिया। आरोप है कि उसने काफी देर तक उसे बंधक बनाकर रखा। किशोरी का कहना है कि आरोपी उसे लगातार प्रपोज करता रहा, लेकिन किशोरी ने इनकार कर दिया। आरोपी ने किशोरी को धमकाया भी। किशोरी मदद के लिए चिल्लाती रही। सुनसान इलाका होने पर कोई उसकी मदद के लिए नहीं आ सका।
वहीं मौका पाकर किशोरी ने अपने पिता को फोन किया और घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलने पर परिवार वालों के होश उड़ गए। उन्होंने किशोरी की तलाश शुरू कर दी। पिता कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के पास पहुंचे। वहां से बेटी को मुक्त कराया। पिता का आरोप है कि युवक ने उन्हें पुलिस में शिकायत करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी उपद्रवी प्रवृत्ति का व्यक्ति है। वहीं किशोरी के पिता ने थाना पुलिस से मामले की शिकायत की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
लखनऊ की डीसीपी (पूर्वी) प्राची सिंह ने बताया कि उन्होंने किशोरी के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज होते ही उसकी तलाश शुरू कर दी थी। रविवार देर शाम उसे क्षेत्र के ग्वारी चौराहे से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह लड़की को पसंद करता था और उसे प्रपोज करने के लिए उसने ऐसा किया था। वहीं पुलिस ने आरोपी को जेल में भेज दिया है।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: