उत्तर प्रदेश में दिवाली से पहले योगी आदित्यनाथ सरकार ने राज्य के लाखों सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है. यूपी सरकार ने वित्तीय वर्ष के उपलक्ष्य में कर्मचारियों के लिए 30 दिनों के दिवाली बोनस को मंजूरी दे दी है. इस फैसले से प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई है. सरकार के इस कदम से राज्य के लाखों कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा.
किन्हें मिलेगा फायदा?
सरकार के आदेश के मुताबिक, यह बोनस राज्य सरकार के सभी अराजपत्रित कर्मचारी,सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं के पात्र शिक्षक और गैर शिक्षक कर्मचारी, स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों के पूर्णकालिक कर्मचारी मिलेगा. इसके अलावा ऐसे दैनिक वेतनभोगी और वर्कचार्ज कर्मचारी, जिन्होंने पिछले वित्तीय वर्ष में एक निर्धारित न्यूनतम अवधि तक लगातार सेवाएं पूरी की हैं, उन्हें भी इसका फायदा मिलेगा.
कैसे मिलेगा बोनस
बोनस की कुल राशि का 25 फीसदी हिस्सा कर्मचारी के बैंक खाते में नकद ट्रांसफर किया जाता है, जबकि बाकी राशि भविष्य निधि खाते में जमा कराई जाती है. जो कर्मचारी जीपीएफ के दायरे में नहीं आते हैं, उन्हें यह राशि सीधे नकद या राष्ट्रीय बचत पत्र के जरिए प्रदान की जाती है.
दिवाली से पहले खातों में पहुंचेगी राशि
मुख्यमंत्री कार्यालय और वित्त विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि बोनस का भुगतान दिवाली से ठीक पहले सुनिश्चित किया जाए, ताकि कर्मचारियों को किसी भी प्रकार की वित्तीय असुविधा का सामना न करना पड़े. राज्य कर्मचारी संगठनों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है और कहा है कि महंगाई के इस दौर में समय पर बोनस की मंजूरी से कर्मचारियों के परिवारों को त्योहार मनाने में बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी.