मथुरा-वृंदावन मार्ग का चौड़ीकरण! रातोंरात प्रशासन का अतिक्रमण पर चला बुलडोजर; जल्द 4 लेन पर फर्राटा भरेंगे वाहन

UP News, Mathura Vrindavan Road, Bulldozer Action, Encroachment, Vrindavan News

UP News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में प्रशासन और पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ सोमवार को बड़ा अभियान चलाया। वृंदावन में धौरेरा गांव के पास अद्दा बाबा की मजार और उसके आसपास बने अवैध घरों पर रातोंरात बुलडोजर चला दिया। यहां मथुरा से वृंदावन के लिए 4 लेन मार्ग (सड़क चौड़ीकरण) का काम चल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि 6 माह पहले प्रशासन ने वहां के लोगों को स्थान खाली करने के लिए नोटिस भी दिया था।

धौरेरा गांव के पास है ये मजार

जानकारी के मुताबिक, मथुरा-वृंदावन रोड पर धौरेरा गांव के समीप सड़क के किनारे अद्दा बाबा की मजार है। मजार सड़क के बिल्कुल बराबर में है। इसके साथ ही मजार के पास विशेष समुदाय के लोगों ने अवैध निर्माण भी कर लिया था। बताया गया है कि इस मजार को हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग पिछले एक वर्ष से यहां रहने वाले लोगों से कह रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मजार करीब 150 साल पुरानी है।

छह माह पहले विभाग ने दिया था नोटिस

ताजा जानकारी के मुताबिक, पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से करीब 6 माह पहले यह मजार कहीं और शिफ्ट करने के लिए नोटिस भी जारी किया था। इसी के तहत, सोमवार को यह कार्रवाई हुई। हालांकि कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस ने देर रात यह कार्रवाई की, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि यह कार्रवाई सोमवार तड़के हुए।

पीएसी, आरएएफ और कई थानों का फोर्स तैनात

बताया गया है कि मजार हटाने से पहले मथुरा-वृंदावन रोड पर अद्दा बाबा की मजार के पास भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात किया गया था। फोर्स में पीएसी, आरएएफ और वृंदावन समेत कई थानों की फोर्स इस दौरान मौजूद रहा। बताया गया है कि लोक निर्माण ने सभी फोर्सेस के साथ देर रात 3 बजे ये कार्रवाई की है। इसके लिए मथुरा और वृंदावन दोनों ओर से रास्तों को बंद करते हुए डायवर्ट किया गया था। ये डायवर्जन सोमवार दोपहर तक जारी रहा।

लाखों श्रद्धालु आते-जाते हैं इस मार्ग से

बता दें कि मथुरा से वृंदावन जाने वाले मार्ग को 4 लेन किया जा रहा है। मथुरा और वृंदावन के स्थाई निवासियों के अलावा अन्य जिलों और राज्यों से आने वाले लाखों श्रृद्धालु इस मार्ग का उपयोग करते हैं। पूर्व में सड़क के सिंगल लेन होने के कारण भीषण जाम लगता था। इसी समस्या से छुटकारा पाने के लिए सरकार की ओर सड़क को चौड़ा करने का फैसला किया गया था।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ