Weather Update: बारिश से बेहाल हुआ उत्तराखंड; गंगोत्री नेशनल हाईवे बंद, नदियों में उफान से कई इलाकों में बाढ़ का खतरा
Edited By Naresh Chaudhary

Edited By Naresh Chaudhary

Weather Update: पहाड़ों पर लगातार बारिश का दौर जारी है। उत्तराखंड में बारिश को लेकर भारतीय मौसम विभाग की ओर से अलर्ट भी जारी किया गया है। उत्तरकाशी के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के अनुसार, पुराना थाना, धरासू बांध के पास भूस्खलन के कारण गुरुवार को गंगोत्री नेशनल हाईवे बंद हो गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि पुराना थाना धरासू बंद के पास अचानक भूस्खलन हो गया। गंगोत्री नेशनल हाईवे के बंद होने से दोनों ओर दर्जनों वाहन जाम में फंसे हुए हैं। पटवाल ने बताया कि सीमा सड़क संगठन की टीम मौके पर पहुंच गई है। सड़क मार्ग को खोलने के लिए काम जारी है। उन्होंने कहा कि लगातार पहाड़ी दरकने से काम में दिक्कत आ रही है।
#WATCH | Uttakhand | The Gangotri National Highway has been blocked due to a landslide near Purana Thana Dharasu Bandh. Dozens of vehicles are stuck on both sides of the road due to road blockade: Disaster Management Officer Uttarkashi pic.twitter.com/URd3i4U5j1
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) July 20, 2023
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के अनुसार फिलहाल बहाली का काम चल रहा है। बताया गया है कि मानसून में यहां भूस्खलन और बादल फटने की घटनाएं लगातार हो रही हैं। एक अन्य घटना में बुधवार को पिथौरागढ़ जिले की सीमांत तहसील धारचूला की लिपुलेख सीमा पर नाचटी नाले में एक वाहन और एक पुल बह गया, जिसके कारण ओम पर्वत कालापानी का गुंजी से संपर्क टूट गया।
अधिकारियों ने बुधवार को कहा कि पिछले नौ दिनों से उत्तराखंड के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में लगातार बारिश के कारण नदियों के जल स्तर में काफी बढ़ोत्तरी हुई है। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमों को हाई अलर्ट पर रहने के लिए कहा गया है।
एसडीआरएफ अधिकारियों के अनुसार उत्तराखंड के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में नौ दिनों की लगातार बारिश जारी है। इससे आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। गंगा नदी के जल स्तर में अप्रत्याशित वृद्धि के साथ, मायाकुंड, चंद्रभागा, चंद्रेश्वरनगर आदि के तटीय क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा है।
इसके अलावा, बारिश और सोनाली नदी के बांध में दरार से उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के लक्सर में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। अधिकारियों के मुताबिक, कुआं खेड़ा गांव के पास सोनाली नदी का बांध टूट गया। राज्य के पौड़ी गढ़वाल जिले में श्रीनगर बांध से पानी छोड़े जाने के बाद गंगा की एक प्रमुख सहायक नदी अलकनंदा का जल स्तर काफी बढ़ गया था।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: