Uttarakhand Budget Session: विधानसभा में हंगामा, स्पीकर ने कांग्रेस के कई विधायक एक दिन के लिए निलंबित किए

Uttarakhand Budget Session, Uttarakhand

Uttarakhand Budget Session: उत्तराखंड (Uttarakhand) की गैरसैंण विधानसभा में बजट सत्र (Uttarakhand Budget Session) चल रहा है। इस दौरान कांग्रेस की ओर से सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।

एएनआई के अनुसार राज्य विधानसभा में उपद्रव मचाने पर स्पीकर ने कांग्रेस के कई विधायकों को एक दिन के लिए निलंबित किया है। वहीं उत्तराखंड के सीएम धामी ने कई बड़ी योजनाओं का भी ऐलान किया है।

विधानसभा स्पीकर ने की कांग्रेस विधायकों पर कार्रवाई

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक विधानसभा स्पीकर रितु भूषण खंडूरी ने बताया कि राज्य विधानसभा भवन को गुंडागर्दी का अड्डा बनाने, टेबल तोड़ने और नियम पुस्तिका फाड़ने के बाद कांग्रेस के कुछ विधायकों को एक दिन के लिए निलंबित किया गया है। बता दें कि 13 मार्च से शुरू उत्तराखंड के बजट सत्र के लिए कांग्रेस ने पहले से ही विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था। पहले दिन भी कांग्रेस विधायकों ने हंगामा किया था।

बुजुर्गों की पेशन बढ़ाई गई, अब मिलेंगे 15 सौ रुपये

उधर, उत्तराखंड के सीएम धामी ने बजट सत्र के दौरान कहा कि उनकी सरकार ने वृद्धावस्था पेंशन के तहत दी जाने वाली राशि को 1200 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये कर दिया है। सीएम धामी ने ट्वीट कर लिखा कि हमारी सरकार ने वृद्धावस्था पेंशन की राशि बढ़ाकर 1500 रुपये करने के साथ ही इस योजना से पात्र पति-पत्नी दोनों को लाभ दिया है।

राज्य के जिलों में भर्ती होंगे स्वास्थ्य अधिकारी

राज्य में स्वास्थ्य अधिकारियों की नियुक्ति के बारे में बात करते हुए सीएम धामी ने कहा कि हमारी सरकार की ओर से प्रदेश के विभिन्न जिलों में 600 से ज्यादा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने के साथ-साथ जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए काम कर रही है।

कांग्रेस ने विधानसभा में की ये मांग

बता दें कि विधानसभा की कार्यवाही से पहले कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा के बाहर धरना दिया। कांग्रेस विधायकों ने मांग की कि राज्य में कई भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच शुरू की जानी चाहिए। इससे पहले सोमवार को उत्तराखंड के सीएम धामी ने कहा कि राज्य का बजट राज्य के विकास में योगदान देने में मदद करेगा।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ