लखनऊ में बेटी की शादी वाले दिन ही पिता ने कर लिया ऐसा काम, अब सदमे में है परिवार
Edited By Naresh Chaudhary

Edited By Naresh Chaudhary

UP News: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की राजधानी लखनऊ (Lucknow) से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां कथित तौर पर कर्ज से परेशान होकर एक शख्स ने अपनी बेटी की शादी वाले दिन फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद शादी की खुशियों वाले घर में मातम पसर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान सुनील द्विवेदी के रूप में हुई है। वह लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में रहकर आटा चक्की चलाते थे। इसके अलावा खेती किसानी भी करते थे। परिवार के लोगों ने बताया कि सुनील की पांच बेटियां और इकलौता बेटा अंकुर है। उनकी एक बेटी नव्या की रविवार को ही शादी थी।
हालांकि, बताया गया है कि शादी के दिन सुनील कथित तौर पर शराब पीकर घर आए थे। इसके कारण उसके परिवार वालों ने उन्हें फटकार भी लगाई थी। फिर वह अपने कमरे में चले गए। देर रात तक जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकले तो परिवार वालों को चिंता हुई। उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो वह फंदे पर लटके हुए थे। यह देख घर में चीत्कार मच गई।
परिजनों के मुताबिक सुनील ने अपनी तीन बेटियों की शादी के लिए पहले ही कर्ज ले रखा था। अब चौथी बेटी की शादी के लिए भी कर्ज लेना था, जिसके कारण वह परेशान थे। परिवार और स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जानकारी ली और फिर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: