हाथरस के 'रंगीन' प्रोफेसर के 6 बड़े खुलासे, जानें छात्राओं के अलावा और किस-किस के बनाए वीडियो?
Author: Khushbu Goyal
2025-03-21 10:00:50
उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में बागला डिग्री कॉलेज की छात्राओं का यौन शोषण करने वाला असिस्टेंट प्रोफेसर और चीफ प्रोक्टर रजनीश कुमार गिरफ्तार हो गया है। पुलिस ने उसे प्रयागराज में सिविल लाइंस सुभाष चौराहे के पास एक होटल से दबोचा। उसके खिलाफ एक छात्रा की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। पुलिस पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल लिया है। 7 दिन से पुलिस को उसकी तलाश थी, जो बीती शाम खत्म हुई।
वह अग्रिम जमानत के लिए प्रयागराज गया था, लेकिन याचिका दायर करने से पहले ही पुलिस के हाथ वह लग गया। वहीं हाथरस DM राहुल पांडे के आदेश पर SDM सदर नीरज शर्मा की अध्यक्षता में 4 सदस्यीय टीम मामले की जांच करने कॉलेज पहुंची तो कई चौंकाने वाले खुलासे आए। आरोपी प्रोफेसर को सस्पेंड कर दिया गया है। जांच टीम में SDM के अलावा CO सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण, BSA स्वाति भारती, तहसीलदार सादाबाद शामिल हैं। मामले में कई कॉलेज स्टाफ मेंबर भी जांच टीम के रडार पर हैं।
आइए जानते हैं कि आरोपी प्रोफेसर ने क्या कुछ कबूला…
1. हाथरस SP चिरंजीव नाथ सिन्हा आरोपी रजनीश ने कबूला कि वह छात्राओं का यौन शोषण करता था। इस समय 6 छात्राए उसका शिकार बनी हुई हैं। वह छात्राओं के चोरी-छिपे वीडियो बनाता था और उन्हें ब्लैकमेल करता था। वह छात्राओं को नौकरी दिलवाने, दाखिला दिलवाने और गिफ्ट-पैसे का लालच देकर शिकार बनाता था।
2. आरोपी ने कबूला कि वह साल 2001 से नौकरी कर रहा है। उसकी 1996 में शादी हुई थी, लेकिन कोई बच्चा नहीं हुआ। पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई थी। साल 2016 में उसे कॉलेज में भूगोल विभाग का अध्यक्ष बनाया गया था। जुलाई 2024 में वह चीफ प्रॉक्टर बना। वह मथुरा जिले के जाबरा थाना इलाके के मांट का रहने वाला है।
3. आरोपी ने कबूला कि 16 साल पहले पत्नी के छोड़कर जाने के बाद उसके लिए एक लड़की का रिश्ता आया था, जिसके साथ भी उसने संबंध बनाए थे। उसने उसे घर बुलाया था और संबंध बनाते हुए उसकी वीडियो बना ली थी, लेकिन उससे शादी नहीं हुई थी। इसके बाद ही वह लड़कियों को टारगेट करने लगा।
4. आरोपी ने कबूला कि उसके महिलाओं से अवैध संबंध हैं और उसने कई महिलाओं से रेप किया है। उसने कॉलेज की एक महिला कर्मचारी से साल 2019 में रेप किया था। उसने वीडियो भी बनाया था, जिसे आधार पर वह कई बार रेप कर चुका है। उसने एक महिला टीचर के साथ भी रेप किया था।
5. आरोपी ने कबूला कि उसने लड़कियों के यौन शोषण और महिलाओं से रेप के वीडियो बनाए हैं। इस वीडियो के जरिए वह उन्हें ब्लैकमेल करता था। उसने लड़कियों और महिलाओं को अपने घर बुलाकर भी उनके साथ रेप किया। वह कॉलेज पास कर चुकी लड़कियों को भी घर बुलाता था।
6. आरोपी ने कबूल किया कि उसके मोबाइल में करीब 65 वीडियो हैं। उसने महिलाओं और लड़कियों के 59 वीडियो बनाए और उन्हें ब्लैकमेल किया। वह एक सॉफ्टवेयर के जरिए वीडियो बनाता था। लैपटॉप की सक्रीन बंद होने पर भी उस सॉफ्टवेयर से वीडियो बनाए जा सकते हैं।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
Know More: Editorial Guidelines