ग्रेटर नोएडा पेड़ से टकराई बेकाबू कार, हादसे में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर राउडी भाटी की मौत, दो दोस्त घायल
Edited By Naresh Chaudhary

Edited By Naresh Chaudhary

Uttar Pradesh News in Hindi: नोएडा। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) के बीटा-2 क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार 25 वर्षीय एक सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर (Social Media Influencer) की मौत हो गई है। जबकि अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
ग्रेटर नोएडा पुलिस की ओर से बताया गया है कि मृतक की पहचान सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर रोहित भाटी उर्फ राउडी भाटी के रूप में हुई है। वह मूलरूप से बुलंदशहर के रहने वाले थे, लेकिन वर्तमान में ग्रेटर नोएडा के चाई-सेक्टर में रह रहे थे। सोशल मीडिया पर उनके काफी फॉलोअर्स हैं। बता दें कि सोमवार को ही यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रैक्टर से टक्कर के बाद कार में आग लग गई थी, जिसमें दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई थी।
https://twitter.com/news24tvchannel/status/1594929072336883712
पुलिस ने बताया कि हादसा तड़के करीब तीन बजे हुआ। रोहित भाटी अपने तीनों दोस्तों के साथ स्विफ्ट कार से एक पार्टी में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। बीटा-2 थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि कार को रोहित चला रहे थे। चुहाड़पुर अंडरपास के पास मोड़ पर जाते समय कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।
राहगीरों की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल कार सवारों को पास के एक अस्पताल में पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने राउडी भाटी को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसके दोस्त मनोज और आतिश गंभीर रूप से घायल हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि घायलों में से एक का इलाज ग्रेटर नोएडा के सरकारी आयुर्विज्ञान संस्थान (जीआईएमएस) में चल रहा है। जबकि दूसरे को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया है। नोएडा के यातायात विभाग की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार नोएडा और ग्रेटर नोएडा में इस साल अब तक 897 सड़क दुर्घटनाओं में 354 लोगों की जान जा चुकी है।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: