UP Weather Update: यूपी में जल्द शुरू होगा 'नौतपा' का प्रचंड प्रहार, 45 डिग्री तक जाएगा पारा और चलेगी जानलेवा लू

UP Weather Update 30 May: यूपी में 15 मई के बाद गर्मी का रौद्र रूप दिखेगा. 25 मई से शुरू होने वाले नौतपा में पारा 45 डिग्री तक पहुंच सकता है और तेज लू चलने की आशंका है.

UP Weather Alert for May 14

यूपी में कल 14 मई को कैसा रहेगा मौसम?

UP Weather Update Kal Ka Mausam: उत्तर प्रदेश में सुहावने मौसम के दिन अब खत्म होने वाले हैं और भीषण गर्मी अपना रौद्र रूप दिखाने के लिए तैयार है. मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक 14 मई से प्रदेश का मौसम शुष्क होना शुरू हो जाएगा, जिससे तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी. अगले सप्ताह के दौरान पारे में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की प्रभावी वृद्धि होने की संभावना जताई गई है. सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि 25 मई से ‘नौतपा’ की शुरुआत हो रही है, जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेगा. जानकारों का मानना है कि इस बार नौतपा बहुत ज्यादा तपेगा और गर्मी अपने पीक पर होगी. ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष के इन शुरुआती नौ दिनों में तपिश इतनी बढ़ जाएगी कि लोगों का घरों से निकलना दूभर हो जाएगा.

विज्ञापन

पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म और लू का अलर्ट

मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि 20 मई तक पश्चिमी विक्षोभ का असर पूरी तरह थम जाएगा. इसके बाद पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाएं रुक जाएंगी और उनकी जगह तेज उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाएं चलने लगेंगी. मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि जैसे ही लू का प्रकोप बढ़ेगा, तापमान में अचानक उछाल आएगा. वर्तमान में जो तापमान सामान्य से थोड़ा कम बना हुआ है, वह 20 मई के बाद 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. शनिवार को भी दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जहां न्यूनतम पारा सीधे 18.2 से बढ़कर 24 डिग्री तक पहुंच गया है. आसमान साफ होते ही सूरज की सीधी किरणें धरती को तपाना शुरू कर देंगी.

विज्ञापन

बदलते मौसम का सेहत पर बुरा असर

तापमान में आ रहे इस भारी उतार-चढ़ाव का सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है. बारिश और फिर अचानक बढ़ती गर्मी की वजह से तापमान में करीब 8 से 10 डिग्री का अंतर आ रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक इस बदलाव के कारण शरीर की मांसपेशियों में सिकुड़न और फैलाव हो रहा है, जिससे बदन दर्द और थकान जैसी दिक्कतें बढ़ रही हैं. चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि बारिश के बाद उमस बढ़ने से संक्रामक रोगों और पेट संबंधी संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है. अस्पताल में इन दिनों वायरल और बदहजमी के मरीजों की संख्या में इजाफा देखा जा रहा है, इसलिए लोगों को खानपान और ठंडे-गर्म के प्रति बेहद सावधान रहने की जरूरत है.

विज्ञापन

15 मई के बाद दिखेगा गर्मी का असली रूप

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 15 मई तक बादलों की आवाजाही और हल्की बूंदाबांदी के कारण तापमान 40 डिग्री के आसपास बना रहेगा. कृषि तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि 13 और 14 मई को गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे फिलहाल बहुत ज्यादा गर्मी महसूस नहीं होगी. असली चुनौती 15 मई के बाद शुरू होगी जब आसमान पूरी तरह साफ हो जाएगा और चिलचिलाती धूप लोगों को परेशान करेगी. मध्य मई के बाद दिन का पारा 45 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं. प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि वे दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें और भरपूर मात्रा में पानी पीते रहें ताकि हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से सुरक्षित रह सकें.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Raja Alam

Raja Alam

राजा आलम वर्तमान में News 24 हिंदी (B.A.G. Network) में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता में चार वर्षों के अनुभव के साथ नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर बारीकी से लेखन कर रहे हैं. पत्रकारिता की नींव देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU), अलीगढ़ से रखी, जहां से राजा आलम ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद, हिंदी लेखन में गहराई को और विस्तार दिया जब राजा ने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से हिंदी साहित्य में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की. हर रोज़ कुछ नया सीखना और पाठकों तक सही, निष्पक्ष और भरोसेमंद खबर पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है. राजा के लेखन में आपको पत्रकारिता की गंभीरता के साथ-साथ पाठकों से जुड़ने वाली सरल भाषा और कंटेंट की विविधता दोनों मिलेंगे.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ