शामली में एक लाख के इनामी बदमाश का एनकाउंटर, 36 से ज्यादा मामले थे दर्ज
उत्तर प्रदेश के शामली जिले में पुलिस और 1 लाख के इनामी बदमाश नफीस उर्फ मुदा के बीच मुठभेड़ हुई है. इस दौरान पुलिस ने कुख्यात बदमाश को ढेर कर दिया है.
Written By Namrata Mohanty

Written By Namrata Mohanty

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में पुलिस और बदमाश नफीस उर्फ मुदा के बीच मुठभेड़ हुई है. नफीस काफी समय पुलिस की नजरों में था. इस पर 1 लाख रुपये का इनाम भी था. शुक्रवार को देर रात हुई इस मुठभेड़ में पुलिस ने बदमाश को ढेर कर दिया. यह मामला थाना कांधला क्षेत्र के गांव भभीसा के जंगलों का है. पुलिस और बदमाशों के बीच गोलियां चली जिसमें नफीस के पैर पर गोली लग गई थी. इसके बाद घायल नफीस को पुलिस अस्पताल लेकर आई जहां उसकी मौत हो गई थी.
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शामली में कल देर रात एक आपराधिक अभियान के दौरान, दो बदमाश बाइक पर दिखाई दिए थे. उन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो जवाब में उन्होंने पुलिस पर फायरिंग की. इसलिए, पुलिस बल ने भी आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं, जिसमें एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया था. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई थी.
नफीस उर्फ मुदा कांधला कस्बे के मोहल्ला खेल का रहने वाला था. पुलिस रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसके खिलाफ शामली जनपद में करीब 3 दर्जन से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज थे. इन मामलों में हत्या, लूट, डकैती, नकली करेंसी और रंगदारी जैसे गंभीर अपराध शामिल थे. नफीस नकली नोटों के मामलों में कई बार सुर्खियों में रह चुका था. उसकी गिरफ्तारी पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था.
पुलिस को मुठभेड़ वाली जगह से एक बाइक और तमंचा मिला है. सूत्रों के अनुसार, बताया जा रहा है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नफीस अपनी गैंग के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाला है. इसलिए इलाके में घेराबंदी की गई थी. वहीं, नफीस के अन्य साथी बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए. फिलहाल, पुलिस उनकी तलाश कर रही है.
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: